देहरादून: मसूरी गोलीकांड के शहीदों को मंत्री खजान दास ने दी श्रद्धांजलि
शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने अमर शहीदों को नमन कर राज्य के सशक्त निर्माण का संकल्प लिया।
देहरादून में शहीद स्मारक पर कैबिनेट मंत्री खजान दास और अन्य लोग हाथ जोड़कर नमन करते हुए।
देहरादून स्थित शहीद स्थल पर 02 सितम्बर, 1994 के मसूरी गोलीकांड में शहीद हुए राज्य आंदोलनकारियों को कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए अपनी जान देने वाले वीर अमर शहीदों को नमन करते हुए उत्तराखंड को सशक्त एवं समृद्ध राज्य बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
श्री दास ने कहा कि हम सभी को उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की भावना और उनके सपनों के अनुरूप एकजुट होकर उत्तराखंड को सशक्त एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दिन सभी के लिए अत्यंत भावुक कर देने वाला और गौरवशाली दिन है।
उन्होंने कहा कि 02 सितम्बर, 1994 को खटीमा गोलीकांड के विरोध में मसूरी में राज्य आंदोलनकारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उस दौरान तत्कालीन समाजवादी सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा निहत्थे मातृशक्ति एवं आंदोलनकारियों पर बर्बरता से गोलियां चलाई गईं। इस गोलीकांड में श्रीमती बेलमती चौहान, श्रीमती हंसा धनाई, बलबीर सिंह नेगी, धनपत सिंह, मदन मोहन ममगाईं और राय सिंह बंगारी शहीद हो गए थे। आंदोलनकारियों को बचाने के प्रयास में पुलिस उपाधीक्षक उमाकांत त्रिपाठी भी शहीद हो गए थे।
श्री दास ने कहा कि यह दिन केवल एक रस्म नहीं है, बल्कि हमें याद दिलाता है कि आज हम जिस स्वतंत्र उत्तराखंड राज्य में सांस ले रहे हैं, वह राज्य आंदोलन के शहीदों के बलिदान का फल है और इसकी बुनियाद शहीदों के खून से सींची गई है। उन्होंने कहा कि इन वीर शहीदों का बलिदान हमें एकजुट रहने तथा अपने राज्य के विकास, संस्कृति, जल-जंगल और जमीन की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने की सीख देता है। यही शहीदों के प्रति सच्ची पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री दास ने उत्तराखंड राज्य निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक स्व. श्री रणजीत सिंह बर्मा को भी याद किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अनेक राज्य आंदोलनकारियों सहित निदेशक जीएमवीएन विशाल गुप्ता, पार्षद रोहन चंदेल, मंडल महामंत्री राहुल पंवार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अनिल शर्मा जी, सोनी रावत, सुखबीर सिंह, अशोक राठौर और सत्यम शर्मा आदि मौजूद रहे।