साइबर फ्रॉड से बचेंगी महिलाएं, ऋषिकेश में 1 सितंबर को होगा AI & Women कार्यक्रम
ऋषिकेश में 1 सितंबर को AI & Women कार्यक्रम होगा, जहां महिलाओं को साइबर फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा और AI के सुरक्षित उपयोग की जानकारी मिलेगी।
महिलाओं को साइबर फ्रॉड और उनके विरुद्ध बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए उत्तराखंड राज्य महिला आयोग विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। आयोग के तत्वावधान में 01 सितंबर, 2026 को ऋषिकेश में AI & Women जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम प्रातः 10 बजे पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश स्थित श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर फ्रॉड और महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करना है।
राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव श्रीमती उर्वशी चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, व्यवसाय एवं कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और संभावनाओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी।
कार्यक्रम में विभिन्न एआई टूल्स का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी।
राज्य महिला आयोग ने छात्राओं, महिलाओं एवं आमजन से इस जागरूकता कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। कार्यक्रम के माध्यम से साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित उपयोग को लेकर महिलाओं को महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।