तस्वीर में अमित शाह वडनगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक पौधे को पानी दे रहे हैं।

वडनगर रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशन का संदेश देते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 76 दिव्यांग बच्चों के साथ 76 पौधों का वृक्षारोपण किया। यह कार्यक्रम 17 सितंबर 2026 को अहमदाबाद मंडल के वडनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया गया।

इस दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने स्वयं पौधारोपण किया। महेसाणा के सांसद श्री हरिभाई पटेल ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर इस विशेष पहल के तहत 76 दिव्यांग बच्चों द्वारा 76 पौधों का पौधारोपण किया गया। प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और समाज में समान भागीदारी के संकल्प का प्रतीक रहा।


दिव्यांग बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से सार्थक बनाया। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में समाज के प्रत्येक वर्ग की समान एवं महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस पहल के पीछे पिछले वर्ष से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण क्रम भी है। गतवर्ष 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वडनगर रेलवे स्टेशन पर 75 पौधों का पौधारोपण किया गया था।

पिछले एक वर्ष के दौरान इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया गया। निरंतर देखभाल के परिणामस्वरूप लगाए गए पौधे आज स्वस्थ एवं विकसित होकर हरे-भरे वृक्षों का रूप ले चुके हैं तथा फल-फूल से समृद्ध हो रहे हैं।

अहमदाबाद मंडल की यह पहल ‘पौधारोपण से संरक्षण तक’ की भावना को साकार करते हुए रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास का हिस्सा है। अहमदाबाद मंडल द्वारा रेलवे परिसरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा यात्रियों एवं आमजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

वडनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित यह विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा, जिसमें पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और समाज के प्रत्येक वर्ग की समान भागीदारी का संदेश सामने आया।