तस्वीर में अमित शाह वडनगर रेलवे स्टेशन परिसर में हाथों में झाड़ू लेकर सफाई करते दिख रहे हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के वडनगर रेलवे स्टेशन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने अभियान में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने वडनगर रेलवे स्टेशन परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर के महत्व का संदेश दिया।


इस अवसर पर सांसद, महेसाणा श्री हरिभाई पटेल, मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश सहित स्टेशन परिसर में उपस्थित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अहमदाबाद मंडल में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां

“स्वच्छता ही सेवा” (SHS) 2026 अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 से पूरे देश में किया गया है। यह अभियान 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर संपन्न होगा।

अहमदाबाद मंडल में भी अभियान के तहत विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, आवासीय क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई के साथ यात्रियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

“स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता” कार्यक्रम के तहत स्वच्छता शपथ, ठोस कचरा प्रबंधन एवं कचरे के उचित पृथक्करण के बारे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे के अपशिष्ट जल उपचार संयंत्रों, बायो-टॉयलेट प्लांट एवं कोच वॉशिंग लाइनों का भ्रमण, नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिता तथा वस्तुओं के पुनः उपयोग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में 19 एवं 20 सितंबर 2026 को स्टेशनों के आसपास, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों तथा ट्रैक किनारे चिन्हित कचरा संवेदनशील स्थानों की विशेष सफाई की जाएगी। सफाई के बाद इन स्थानों का सौंदर्यीकरण कर “स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट” भी विकसित किए जाएंगे।

इन गतिविधियों में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। वडनगर रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ स्वच्छता अभियान अहमदाबाद मंडल में 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले “स्वच्छता ही सेवा” (SHS) 2026 अभियान के तहत स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियों की कड़ी का हिस्सा है।

Tags: