मुंबई कचरा गाड़ियों के ठेके में 33 करोड़ की बढ़ोतरी, बीएमसी समिति में जाएगा प्रस्ताव

मुंबई में कचरा गाड़ियों के ठेके की अवधि बढ़ाने के साथ लागत में 33 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी, प्रस्ताव बीएमसी स्थायी समिति में पेश होगा।

Update: 2026-07-27 14:24 GMT

मुंबई शहर और उपनगरों से रोजाना निकलने वाले हजारों टन कचरे के निपटारे को लेकर मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ा फैसला लिया है। शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए किराए पर ली गई निजी कचरा गाड़ियों का ठेका खत्म होने के बाद अब उसकी अवधि एक साल के लिए बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही ठेके की लागत में करीब 33 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। इस संबंध में प्रस्ताव जल्द ही बीएमसी की स्थायी समिति के समक्ष अंतिम मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।

हाल ही में जुहू चौपाटी समेत मुंबई के कई इलाकों में कचरे के बड़े-बड़े ढेर दिखाई दिए थे, जिसके बाद पालिका प्रशासन की काफी किरकिरी हुई थी। शहर के कई वार्डों में कचरा नहीं उठाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इसका मुख्य कारण कचरा गाड़ियों के ठेके की अवधि समाप्त होना बताया गया।

बीएमसी द्वारा किराए पर ली गई कचरा गाड़ियों का ठेका वर्ष 2018 से 2025 तक के लिए था। अब इस ठेके की समय सीमा बढ़ाकर 1 नवंबर 2018 से 25 नवंबर 2026 तक करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। ठेके की अवधि बढ़ाने के कारण पालिका के खजाने पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।

मुंबई में हर दिन लगभग 6,500 टन ठोस कचरा निकलता है। इस कचरे को अलग-अलग वार्डों से इकट्ठा कर डंपिंग ग्राउंड तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए बीएमसी बड़े पैमाने पर निजी ठेकेदारों की गाड़ियों का इस्तेमाल करती है। ठेका अवधि बढ़ने से शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ठेके की लागत में होने वाली बढ़ोतरी के तहत अलग-अलग विभागों के लिए राशि निर्धारित की गई है। इसमें एम-पूर्व और एम-पश्चिम विभाग के लिए 12.34 करोड़ रुपये, ए, बी और सी विभाग के लिए 20.82 लाख रुपये, डी और ई विभाग के लिए 12.19 करोड़ रुपये तथा के-पूर्व विभाग के लिए 9.08 करोड़ रुपये की राशि बढ़ाई जाएगी।

अब इस प्रस्ताव को बीएमसी की स्थायी समिति के समक्ष अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद कचरा उठाने वाली गाड़ियों के ठेके की अवधि बढ़ सकेगी और मुंबई की सफाई व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Tags:    

Similar News