चेम्बूर तेरापंथ भवन में साध्वी निर्वाणाश्री के चातुर्मास समापन पर मंगलभावना समारोह आयोजित
| चार माह तक चले चातुर्मास की उपलब्धियों को याद करते हुए वक्ताओं ने आध्यात्मिक प्रेरणाओं को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
चेम्बूर के तेरापंथ भवन में चार माह के चातुर्मास समापन पर श्रावक समाज को संबोधित करतीं साध्वी निर्वाणाश्री।
चेम्बूर। तेरापंथ भवन चेम्बूर में महातपस्वी आचार्य श्री महाश्रमण की विदुषी सुशिष्या साध्वी निर्वाणाश्री के सफलतम चातुर्मास की परिसम्पन्नता पर मंगलभावना समारोह आयोजित किया गया। चार माह तक चले चातुर्मास के दौरान साध्वीश्री के आत्मीय व्यवहार और वैदुष्यपूर्ण प्रवचनों से प्रभावित श्रावक-श्राविकाओं ने भावपूर्ण शब्दों में अपनी मंगलभावनाएं प्रकट कीं। समारोह में चातुर्मास की उपलब्धियों को याद करते हुए भविष्य में भी प्राप्त आध्यात्मिक प्रेरणाओं को जीवन में उतारने का संदेश दिया गया।
उपस्थित श्रावक समाज को संबोधित करते हुए विदुषी साध्वी निर्वाणाश्री ने कहा कि चार माह तक उन्होंने भगवान महावीर की वाणी सुनाई है। श्रद्धालुओं ने इस दौरान बहुत कुछ सुना, समझा और प्राप्त किया है। अब इस ज्ञान और अनुभव को सहेजकर रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह चातुर्मास अनेक विध कार्यक्रमों का साक्षी बना है। इसे केवल अतीत की यादों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि भविष्य के लिए भी प्रेरणा का आधार बनाना चाहिए।
साध्वी योगक्षेमप्रभा ने अपने संक्षिप्त वक्तव्य में कहा कि यह चातुर्मास केवल उपलब्धियों की मिसाल बनकर न रह जाए। इसमें जो विशेष प्राप्त हुआ है, उसे प्रेरणा बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी गुरुतत्रयी आचार्य तुलसी, आचार्य महाप्रज्ञ एवं आचार्य महाश्रमण तथा शासनमाता कनकप्रभा से जो कुछ प्राप्त किया है, उसे स्वयं के जीवन में उतारने और दूसरों के साथ साझा करने का प्रयास किया है।
इस अवसर पर साध्वी लावण्यप्रभा सहित अन्य साध्वियों ने साध्वी योगक्षेमप्रभा द्वारा स्वरचित गीत 'म्हारी सिंघोड़ी फुलवारी रो थे ध्यान राखिज्यो' की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं, तेममे की बहनों ने विदाई से उपजी उदासी और भावनाओं को शब्दों में पिरोते हुए विदाई गीत का संगान किया।
समारोह में तेरापंथ सभा अध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी, न्यासी मूलचंदजी लोढ़ा, मंत्री दिलीप मेहता, तेयुप अध्यक्ष हिमांशु गन्ना, मंत्री कपिल मेहता, तेममे अध्यक्ष ममता कच्छारा, मंत्री पायल मांडोत, मीना मेहता, वीणा कोठारी, विद्या कोठारी, उपासक जीतभाई आत्रे, चेतनकान्त गार्डिया, कन्हैयालाल मेहता कोलीवाड़ा, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं मुंबई सभा उपाध्यक्ष सुरेश राठौड़, कोलीवाड़ा सभा अध्यक्ष रमेश डागलिया, जैन विद्या केन्द्र वल्लभ वनिता हिरण, ज्ञानशाला से सारिका जैन, नवरतन गन्ना, हिंदु बाफना, निलेश राठौड़, तेजराज बंबोली, नवरतन बंबोली, पुरुषराज गोखरू और नरेन्द्र तातेड़ सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने चातुर्मास के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा करते हुए इसकी सफलता से जुड़ी अनेक अनुभूतियां प्रस्तुत कीं।
सभा न्यासी भगवतीलाल धाकड़ सहित चेम्बूर के वरिष्ठ श्रावकों ने मंगलभावना गीत का संगान किया। कार्यक्रम का आयोजन दो चरणों में किया गया। रात्रिकालीन कार्यक्रम से पूर्व भाई-बहनों ने चौमासी पक्खी का प्रतिक्रमण भी किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सभा के निवर्तमान अध्यक्ष रमेश धोका ने किया।
प्रेस इंटरनेशनल से अशोक तातेड़ और महासभा से रमेश सुतारिया ने चेम्बूर के इस चातुर्मास को उपलब्धिपूर्ण एवं सफलतम बताया। समयाभाव के कारण अनेक वक्ता अपनी भावनाएं पूरी तरह व्यक्त नहीं कर सके। कई श्रद्धालुओं ने साध्वीश्री के चरणों में पहुंचकर व्यक्तिगत रूप से अपनी हार्दिक मंगलभावनाएं प्रेषित कीं। इस तरह साध्वी निर्वाणाश्री के चातुर्मास का समापन आध्यात्मिक अनुभूतियों, कृतज्ञता और मंगलकामनाओं के बीच हुआ।