कुर्ला में हुए मैनहोल हादसे की जांच रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आने का मुद्दा बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की स्थायी समिति की साप्ताहिक बैठक में गरमा गया। गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को हुई बैठक में सत्ताधारी भाजपा के नगरसेवक तेजिंदर तिवाना ने ही प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नगरसेवक यशवंत किल्लेदार ने भी जांच में देरी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का मुद्दा उठाया, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं दिया जा सका।

बैठक में तेजिंदर तिवाना ने कहा कि कुर्ला मैनहोल दुर्घटना के बाद प्रशासन ने हादसे की जांच के लिए एक समिति गठित की थी। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद घटना को लंबा समय बीत जाने के बाद भी जांच रिपोर्ट पेश नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से पूछा कि तय समयसीमा के बावजूद रिपोर्ट अब तक सामने क्यों नहीं आई और इसमें देरी की वजह क्या है।

तेजिंदर तिवाना ने मांग की कि प्रशासन हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा करे। यह स्पष्ट किया जाए कि दुर्घटना में किस स्तर पर चूक हुई, हादसे के सटीक कारण क्या थे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। उन्होंने जांच रिपोर्ट की मौजूदा स्थिति सामने लाने की भी मांग की।

वहीं, मनसे नगरसेवक यशवंत किल्लेदार ने भी इस गंभीर मामले पर प्रशासन को घेरा। उन्होंने हादसे की जांच कहां तक पहुंची है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई प्रस्तावित है, इस संबंध में अधिकारियों से जवाब मांगा।

खास बात यह रही कि सत्ताधारी भाजपा और मनसे के नगरसेवकों ने एक ही मुद्दे पर प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की। दोनों दलों के नगरसेवकों के सवालों से बैठक में प्रशासन की स्थिति असहज हो गई। हालांकि, संबंधित अधिकारी जांच रिपोर्ट की स्थिति, हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। ऐसे में कुर्ला मैनहोल हादसे की जांच रिपोर्ट कब सामने आएगी और दुर्घटना के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी, ये सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।

Tags: