मुंबई स्थित अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बम धमाके करने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

मुंबई में गुरुवार को कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बम धमाके किए जाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। धमकी भरे ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा', छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महापौर कार्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा को निशाना बनाने की बात कही गई। अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, एक जीमेल खाते से पूर्वाह्न 10:52 बजे धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। यह ईमेल पीएनबी मुंबई के क्षेत्रीय कार्यालय, कफ परेड स्थित स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और दक्षिण मुंबई के जावेरी बाजार स्थित बैंक की शाखा को भेजा गया।

ईमेल की विषय-पंक्ति में अपराह्न 1:11 बजे मुंबई की एक पीएनबी शाखा में बम विस्फोट किए जाने का उल्लेख था। इसमें 27 नवंबर और 31 दिसंबर जैसी तारीखों का भी जिक्र किया गया था। ईमेल के माध्यम से बम हमलों की धमकियां दी गई थीं।

अधिकारी ने बताया कि ईमेल में मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थानों को लेकर धमकी दी गई थी। इनमें शहर के बैंक, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, महालक्ष्मी स्टेडियम, अभिनेता अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' और महापौर का कार्यालय शामिल हैं।

धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान और 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' नाम के एक कथित संगठन का भी उल्लेख किया गया था। हालांकि, धमकियों की प्रमाणिकता और ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की वास्तविक पहचान का तत्काल पता नहीं चल सका।

एक ही ईमेल में मुंबई के बैंक, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महालक्ष्मी स्टेडियम और अमिताभ बच्चन के आवास सहित कई स्थानों का उल्लेख होने से सुरक्षा एजेंसियों के सामने जांच की चुनौती है। फिलहाल धमकी की गंभीरता और ईमेल भेजने वाले की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Tags: