धारावी पुनर्विकास के विरोध में 28 नवंबर 2026 को विपक्षी नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए प्रदर्शन किया।   

धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। परियोजना के विरोध और स्थानीय निवासियों के अधिकारों की मांग को लेकर शनिवार, 28 नवंबर 2026 को विपक्षी दलों ने 'धारावी एक्सपीरियंस सेंटर' पर भव्य सर्वदलीय धड़क मोर्चा निकाला। इस दौरान मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धारावी के विकास की आड़ में मुंबई की हजारों एकड़ जमीन अदानी समूह को सौंपकर यहां 'दूसरी बीकेसी' बनाने की साजिश रची जा रही है।

वर्षा गायकवाड़ ने स्पष्ट किया कि धारावीवासियों के अधिकारों की लड़ाई अब राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि 'मिनी इंडिया' के रूप में पहचाने जाने वाले धारावी के लघु उद्योगों और यहां के नागरिकों को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सभी पात्र निवासियों को धारावी के भीतर ही 'घर के बदले घर' और 'दुकान के बदले दुकान' उपलब्ध कराई जाए। स्थानीय निवासी मुलुंड, देवनार, मुकुंदनगर या कुर्ला जैसी बाहरी जगहों पर पुनर्वसन के लिए कतई तैयार नहीं हैं।


पुनर्विकास परियोजना की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए गायकवाड़ ने कहा कि परियोजना से संबंधित जानकारी न तो बीएमसी को दी जा रही है और न ही जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 'अदानी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' में अदानी समूह की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत है, जबकि राज्य सरकार की हिस्सेदारी केवल 20 प्रतिशत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी सरकारी मशीनरी और प्रशासनिक दबाव का इस्तेमाल एक उद्योगपति के हितों को साधने के लिए किया जा रहा है।

सर्वदलीय मोर्चे में विभिन्न विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं ने भी भाग लिया। इनमें शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे, कांग्रेस विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड़, पूर्व मंत्री सुभाष देसाई और अनिल परब, सांसद अनिल देसाई, विधायक महेश सावंत, मनसे नेता बाला नांदगांवकर, पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर, श्रद्धा जाधव और विशाखा राऊत शामिल रहे।

इसके अलावा आम आदमी पार्टी की प्रीति शर्मा, पूर्व विधायक बाबूराव माने और प्रकाश रेड्डी सहित हजारों स्थानीय नागरिक भी मोर्चे में शामिल हुए। प्रदर्शन में शामिल नेताओं और नागरिकों ने धारावीवासियों के पुनर्वास, स्थानीय कारोबार की सुरक्षा और क्षेत्र के भीतर ही आवास एवं दुकानों की व्यवस्था की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। मोर्चे के जरिए विपक्ष ने धारावी पुनर्विकास परियोजना की प्रक्रिया, हिस्सेदारी और स्थानीय निवासियों के भविष्य को लेकर अपनी आपत्तियां सार्वजनिक रूप से उठाईं।

Tags: