तस्वीर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ कर रहे हैं।

मुंबई से कोकण जाने वाले यात्रियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित दैनंदिन रेल कनेक्टिविटी की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री व मुंबई एवं ठाणे जिलों के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे ने विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में 3 सितंबर 2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सावंतवाडी रोड दैनंदिन एक्सप्रेस के उद्घाटन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महाराष्ट्र विधानसभा के माननीय अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, मत्स्यव्यवसाय एवं बंदर विकास मंत्री तथा सिंधुदुर्ग के पालकमंत्री नितेश राणे और मुंबई की महापौर रितू तावडे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव, अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी, मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक हिरेश मीना तथा मध्य रेल मुख्यालय और मुंबई मंडल के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ हापूस आम और काजू के लिए प्रसिद्ध कोकण क्षेत्र महाराष्ट्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन केवल स्थानों को ही नहीं, बल्कि वहां रहने वाले परिवारों को भी जोड़ेगी और कोकण क्षेत्र के आर्थिक विकास की नांदी बनेगी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यात्रियों की मांग के अनुसार यह ट्रेन शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल पहले से 350 गणपति विशेष ट्रेनें चला रही है और आवश्यकता पड़ने पर 20 और ट्रेनों की व्यवस्था करने का प्रावधान किया गया है। मुंबई उपनगरीय रेल यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई और उपनगरों में रेल यात्रा को सुगम बनाने के लिए 18,000 करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचे के कार्य वर्तमान में चल रहे हैं। इनमें पनवेल, कल्याण, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, परेल और अन्य स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, पिट लाइनों और स्टेबलिंग लाइनों का निर्माण तथा 15 डिब्बों वाली ट्रेनों के लिए विभिन्न स्टेशनों के प्लेटफॉर्म का विस्तार शामिल है।

उपनगरीय यात्रा को लेकर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि क्षमता विस्तार, बेहतर सिग्नलिंग और मेट्रो सेवाओं के कारण मुंबई की यात्रा में आमूलचूल बदलाव होगा। उन्होंने बताया कि इंटीग्रल कोच फैक्टरी, रेल कोच फैक्टरी और मॉडर्न कोच फैक्टरी 2030 तक 238 नई वातानुकूलित लोकल ट्रेनें उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही हैं। इनमें पहली ट्रेन 2027 तक तैयार होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 2030 तक प्रतिदिन 3500 ट्रेनें चलाने का लक्ष्य है।

रेल मंत्री ने महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों के साथ माल ढुलाई एवं यात्री कनेक्टिविटी, नाशिक-वाढवण बंदरगाह कनेक्टिविटी, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा करने और 2027 तक पहला चरण शुरू करने के उद्देश्य से तेजी से चल रहे बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के कार्यों पर भी बात रखी।

इससे पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई-सावंतवाडी दैनंदिन ट्रेन के लिए रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे केवल स्थानीय जनता को लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि कोकण क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा तथा आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सावंतवाडी रोड दैनंदिन एक्सप्रेस मुंबई से कोकण जाने वाली रेल सेवाओं में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी और आवश्यक दैनंदिन कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। इससे कणकवली, कुडाळ, सावंतवाडी और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से समर्पित दैनंदिन ट्रेन उपलब्ध होगी। नियमित दैनिक सेवा से व्यापारियों और पर्यटकों को लाभ होगा।

इस दैनंदिन ट्रेन से सावंतवाडी, आंबोली, तारकर्ली और गोवा सीमा पर्यटन क्षेत्र सहित दक्षिण कोकण के पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दादर से कोकण जाने वाली अन्य ट्रेनों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

इस ट्रेन की नियमित सेवा का विस्तृत विवरण जल्द ही जारी किया जाएगा। मध्य रेल ने कहा है कि वह कोकण क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने और यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक तथा किफायती यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह दैनंदिन एक्सप्रेस मुंबई और कोकण के बीच नियमित रेल संपर्क को नई मजबूती देने वाली सेवा के रूप में शुरू की गई है।

Tags: