मुंबई महानगरपालिका के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों की कक्षा 7वीं के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण अध्ययन और प्रशिक्षण के तहत आयोजित होने वाली शैक्षणिक सहल को लेकर विवाद के बीच बीएमसी स्थायी समिति ने ठाणे के भायंदर स्थित ‘केशवसृष्टि’ में सहल आयोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के विरोध के बावजूद स्थायी समिति ने प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित इस परियोजना के तहत लगभग 30,714 विद्यार्थियों को केशवसृष्टि के प्राकृतिक और शैक्षणिक परिसर का भ्रमण कराया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, बीएमसी प्रति विद्यार्थी 802 रुपये के हिसाब से कुल 2.46 करोड़ रुपये का खर्च वहन करेगी।

स्थायी समिति की बैठक में कांग्रेस पार्षद अशरफ आजमी और अन्य विपक्षी नेताओं ने प्रस्ताव का विरोध किया। विपक्ष ने सहल के लिए केशवसृष्टि के बजाय किसी अन्य स्थान का चयन करने की मांग की। हालांकि, स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे और सत्तारूढ़ पक्ष के पार्षदों ने विपक्ष के तर्कों को खारिज कर प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

सत्तारूढ़ पक्ष की ओर से स्पष्ट किया गया कि केशवसृष्टि में विद्यार्थियों को पर्यावरण, कचरा प्रबंधन, सौर ऊर्जा और जैविक खेती से संबंधित जानकारी मिलेगी। उनके अनुसार, यह अनुभव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद फायदेमंद होगा।

200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले केशवसृष्टि परिसर में 3,100 से अधिक प्रजातियों के पेड़-पौधे और औषधीय वनस्पतियां उपलब्ध हैं। सहल के दौरान विद्यार्थियों को बायोगैस, वर्मीकंपोस्ट, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग, हैंडमेड पेपर निर्माण और जल संरक्षण जैसी आधुनिक तथा पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को करीब से देखने और सीखने का अवसर मिलेगा।

बीएमसी की इस पहल के तहत 30,714 विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब जाकर पर्यावरण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझने और प्रत्यक्ष ज्ञान हासिल करने का अवसर मिलेगा।

Tags: