प्रभादेवी स्टेशन पर पैदल यात्रियों की राह होगी आसान, बीएमसी ने दिए सख्त निर्देश
प्रभादेवी स्टेशन क्षेत्र में बीएमसी ने पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए एफओबी, अतिक्रमण, सफाई और यातायात व्यवस्था पर सख्त निर्देश दिए।
तस्वीर में बीएमसी की अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे अन्य अधिकारियों के साथ प्रभादेवी रेलवे स्टेशन के पास चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करती हुई नजर आ रही हैं।
मुंबई के नागरिकों और रेल यात्रियों के लिए पैदल चलने के रास्तों को सुरक्षित, सुगम और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से बीएमसी की ओर से चलाए जा रहे ‘पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान के तहत मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को बीएमसी की अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने प्रभादेवी रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों सहित बालाशेट मदुरकर मार्ग पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान फुट ओवर ब्रिज की नई सीढ़ियों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बीएमसी की ओर से ‘पे एंड यूज’ शौचालय के लिए जगह उपलब्ध करा दी गई है। ऐसे में पश्चिम रेलवे को तुरंत सीढ़ियों का निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही एफओबी के दक्षिणी हिस्से के रास्ते को चौड़ा करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। रेलवे स्टेशन परिसर में लगने वाले अवैध अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के आदेश दिए गए, ताकि यात्रियों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के सुनिश्चित हो सके।
स्टेशन के बाहर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शेयर टैक्सी स्टैंड और यात्रियों के उतरने के स्थानों का पुनर्नियोजन कर उन्हें स्थानांतरित करने की बात भी सामने आई। इसके अलावा प्रभादेवी स्टेशन परिसर की संपूर्ण सफाई, सड़कों के डामरीकरण, नमन मिडटाउन और इंडियाबुल्स बिजनेस पार्क के बीच प्रवेश द्वार को चौड़ा करने तथा ‘आपला दवाखाना’ स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान ‘जी-दक्षिण’ वार्ड की सहायक आयुक्त स्वप्नजा क्षीरसागर, पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक पंकज सिंह, यातायात पुलिस और एमएमआरडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त आयुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रभादेवी स्टेशन क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए अब विभिन्न विकास एवं सुधार कार्यों को गति देने पर जोर रहेगा।