तस्वीर में महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन मीडिया को जानकारी देते हुए नजर आ रहे हैं।

नेपाल में बनी परिस्थितियों के बीच महाराष्ट्र के करीब 80 पर्यटक फंसे होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। राज्य की दो बसें नेपाल गई थीं, जिनमें लगभग 80 नागरिक सवार हैं। फंसे पर्यटकों से संपर्क स्थापित करने और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए शासकीय स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक चार पर्यटकों से संपर्क हो चुका है, जबकि अन्य पर्यटकों से संपर्क करने के प्रयास जारी हैं।

नासिक जिले के पेठ के 11 विद्यार्थी भी पर्यटन के लिए नेपाल गए हैं। ये विद्यार्थी नेपाल की राजधानी काठमांडू में फंसे होने की जानकारी मिली है। प्रशासन का इन विद्यार्थियों से संपर्क हो चुका है और उनका नेपाल दूतावास से भी संपर्क हुआ है। प्रशासन के अनुसार, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों से प्रशासन से संपर्क कर अपनी जानकारी देने की अपील की गई है। इसके लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। पर्यटकों का ठिकाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए प्रशासन स्तर पर समन्वय किया जा रहा है।

इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस केंद्र सरकार के संपर्क में हैं और राज्य सरकार नेपाल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने स्पष्ट किया कि फंसे नागरिकों को सुरक्षित रूप से सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर प्रयास जारी हैं।

Tags: