कटनी पुलिस की रातभर कांबिंग गश्त से अपराधियों में हड़कंप, 132 वारंटी गिरफ्तार, कई पर कार्रवाई
कटनी पुलिस की रातभर चली कांबिंग गश्त में 132 वारंटी गिरफ्तार किए गए। वारंट तामील, गुंडों की जांच और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई ने अपराधियों में हड़कंप मचा दिया।
इस कोलाज तस्वीर में कटनी जिला पुलिस के जवान और अधिकारी रात के समय गश्त और चेकिंग अभियान चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
कटनी जिले में शनिवार रात पुलिस ने व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाते हुए अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में चलाए गए इस अभियान के दौरान 24 स्थाई वारंटी और 52 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 132 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने 56 जमानती वारंट और 60 समंस भी तामील किए। इसके साथ ही 49 गुंडों, 41 निगरानी बदमाशों और एक जिलाबदर बदमाश की जांच की गई। पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के तहत चार प्रकरण दर्ज किए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने 35 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की। वहीं एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने 60 मुसाफिरों का सत्यापन भी किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों, वारंटियों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।