हरियालो राजस्थान की दिशा में बढ़ा कदम, शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका का हुआ उद्घाटन
कोटा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दसलाना में ‘शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका’ का उद्घाटन हुआ। ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर संरक्षण का संकल्प लिया गया।
तस्वीर में कोटा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका के उद्घाटन और वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान अतिथि, शिक्षक और स्काउट-गाइड नजर आ रहे हैं।
कोटा, 14 अगस्त। राजस्थान सरकार के ‘हरियालो राजस्थान’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को गति देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर0 कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दसलाना, कोटा सिटी में ‘शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका’ का उद्घाटन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरितिमा संवर्द्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम संयोजक एवं संचालक कमल कुमार शर्मा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य विभोर गुप्ता ने बताया कि वाटिका उद्घाटन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री के ओएसडी सतीश गुप्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर0 के अध्यक्ष एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय रामचरण मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अंता श्रीमती गायत्री मीणा, शिक्षा सहकारी सभा के उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार नागर एवं मंत्री जमनालाल गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सतीश गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यालयों में विकसित की जा रही वाटिकाएं विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ उन्हें पौधों की देखभाल और संरक्षण का संस्कार भी प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्द्धन की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकाश जायसवाल ने कहा कि शिक्षा सहकारी सभा और स्काउट-गाइड संगठन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों को केंद्र बनाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
रामचरण मीणा ने कहा कि विद्यालयों में हरित वाटिकाओं का विकास विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के साथ पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी मजबूत करता है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संबोधन के उपरांत अतिथियों ने फीता काटकर वाटिका का उद्घाटन किया। इसके बाद वाटिका में आंवला, सहजन, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अतिथियों, शिक्षकों एवं स्काउट-गाइड ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्काउट गाइड प्रभारी श्रीमती प्रेमा पांडे के मार्गदर्शन में स्काउट-गाइड ने अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर शिक्षा सहकारी सभा की संचालक श्रीमती अनुराधा शर्मा, रवि प्रकाश गौतम एवं धर्मेंद्र मेघवाल, विद्यालय उपप्रधानाचार्य श्रीमती गायत्री कुशवाह तथा अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्काउट-गाइड उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रियंका मीणा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य विभोर गुप्ता ने सभी अतिथियों, आयोजकों, शिक्षकों एवं स्काउट-गाइड का आभार व्यक्त किया। वाटिका के उद्घाटन के साथ विद्यालय परिसर में हरित वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।