शौर्य वीर की स्मृति में उद्यान और प्ले ज़ोन का शुभारंभ, विधायक संदीप शर्मा रहे मौजूद
कोटा में एमबीएस रोड स्थित दीप श्री सोसाइटी के पास शौर्य वीर उद्यान एवं प्ले ज़ोन का शुभारंभ विधायक संदीप शर्मा ने किया। पिछले वर्ष दिवंगत शौर्य वीर की स्मृति में उनके माता-पिता ने इसका निर्माण करवाया।
तस्वीर में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा और अन्य गणमान्य नागरिक एमबीएस रोड स्थित पार्क में शौर्य वीर उद्यान एवं प्ले ज़ोन का उद्घाटन करते हुए नजर आ रहे हैं।
कोटा, 27 सितंबर। शहर के एमबीएस रोड स्थित दीप श्री संग-संग सोसाइटी के पास स्थित पार्क में रविवार को शौर्य वीर उद्यान एवं शौर्य वीर प्ले ज़ोन का उद्घाटन कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने किया। यह उद्यान और प्ले ज़ोन पिछले वर्ष एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में दिवंगत हुए शौर्य वीर की स्मृति को समर्पित किया गया है।
शौर्य वीर की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने और बच्चों को बेहतर एवं सुरक्षित खेल का स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उनके माता-पिता डॉ. जितेंद्र शर्मा एवं रीता शर्मा ने इसका निर्माण करवाया। उद्घाटन समारोह में दीप श्री सोसाइटी के निवासी, शहर के अनेक गणमान्य नागरिक तथा क्षेत्र के पार्षद जालिम सिंह एवं कमलकांत उपस्थित रहे।
उद्घाटन के अवसर पर अतिथियों और उपस्थित नागरिकों ने शौर्य वीर की स्मृतियों को नमन किया। उन्होंने उद्यान एवं प्ले ज़ोन के निर्माण को सराहनीय पहल बताया। उपस्थित लोगों ने कहा कि शौर्य वीर उद्यान उनकी स्मृतियों को जीवित रखने के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन एवं खेल का सुंदर वातावरण भी उपलब्ध कराएगा।
प्रकृति की गोद में बनाया गया यह उद्यान शौर्य वीर की यादों के स्थायी स्मृति-स्थल के रूप में समर्पित किया गया है।