कोटा में शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका का उद्घाटन, होगा पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में वाटिका की शुरुआत की जा रही है।
कोटा, 30 सितंबर। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन की दिशा में शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की संयुक्त पहल के तहत “शिक्षा सहकारी–स्काउट गाइड वाटिका” का उद्घाटन आज प्रातः 11:00 बजे जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय, कोटा में किया जाएगा। कार्यक्रम में वाटिका का उद्घाटन करने के साथ पौधारोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक कमल कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय कोटा श्री रामचरण मीना होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्काउट गाइड के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष श्री प्रकाश जायसवाल करेंगे। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लाड़पुरा श्रीमती ममता चौधरी एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अंता श्रीमती गायत्री मीना, शिक्षा सहकारी सभा के उपाध्यक्ष श्री महेंद्र नागर तथा मंत्री श्री जमना लाल गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाली बढ़ाना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना तथा विद्यार्थियों एवं आमजन में प्रकृति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। विभिन्न गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में वाटिका का उद्घाटन कर पौधारोपण किया जाएगा। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए जाएंगे।
यह वाटिका हरियाली बढ़ाने के साथ स्काउट गाइड एवं विद्यार्थियों को प्रकृति से जुड़ने और उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगी। कार्यक्रम में प्रबंध संचालक बारां श्रीमती अनुराधा शर्मा, संचालक दिनेश कुमार मीना, रवि प्रकाश गौतम, धर्मेंद्र कुमार मेघवाल, श्रीमती पूनम गौतम, शिवराज गोचर, दिनेश कुमार नागर एवं महावीर प्रसाद मीना विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सभी अतिथि मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश देंगे। कमल कुमार शर्मा ने बताया कि इस प्रकार की पहल से समाज में हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और “एक पेड़ – एक जीवन” के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।