तस्वीर में कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (सरस डेयरी) परिसर में पौधारोपण अभियान के दौरान संघ अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ और अन्य अधिकारी पौधे लगाते हुए नजर आ रहे हैं।

कोटा। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार को लेकर कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (सरस डेयरी) परिसर में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। संघ अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ के नेतृत्व में हुए अभियान में अशोक, नीम, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के 51 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा सहित संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

अभियान के दौरान संघ अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्र के सांसद ओम बिरला की प्रेरणा से आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र के बीच पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हरियाली बढ़ाना केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

राठौड़ ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक संरक्षण मिले। केवल पौधा लगाकर जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती। नियमित सिंचाई, सुरक्षा, देखभाल और निगरानी से ही पौधे भविष्य में छायादार एवं जीवनदायी वृक्ष का रूप ले सकेंगे।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रोपे गए पौधों की नियमित निगरानी करने तथा उनकी सुरक्षा और सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सरस डेयरी परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ समाज में प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Tags: