तस्वीर में रामचंद्र जी मंदिर परिसर में बैठी महिलाएं हरियाली अमावस्या की पूर्व संध्या पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का श्रवण और गायन करती हुई नजर आ रही हैं।

कोटा, 11 अगस्त। हरियाली अमावस्या की पूर्व संध्या पर अग्रवाल महिला सुंदर कांड ग्रुप की ओर से रामचंद्र जी मंदिर में भक्तिमय संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और श्रीराम के चरणों में भक्ति अर्पित की।

ग्रुप की अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 135 महिलाओं ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान अध्यात्म और संगीत का सुंदर संगम देखने को मिला।

संस्था की महामंत्री उमा सिंघल ने बताया कि संगीतमय सुंदरकांड पाठ वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध पाठ वाचक शरणागत रवि योगी ने प्रस्तुत किया। उनकी सुमधुर और भावपूर्ण वाणी से मंदिर परिसर श्रीराम के भजनों और चौपाइयों से गुंजायमान हो उठा।

आयोजन में शामिल सभी महिलाओं ने लहरिया परिधान पहनकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली अमावस्या की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में ममता बंसल, सरिता जैन, इन्द्रा जैन एवं मधु मित्तल का विशेष सहयोग सराहनीय रहा। आयोजन समिति की ओर से सभी सहभागी महिलाओं को सुहाग की सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की गई। अंत में प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।

Tags: