तस्वीर में कोटा नगर निगम चुनाव के संदर्भ में कांग्रेस नेता विजय पंडित नजर आ रहे हैं।

कोटा। नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 34 में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय पंडित ने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। उनके इस फैसले से वार्ड नंबर 34 का चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

विजय पंडित ने कहा कि वे पिछले 26 वर्षों से कांग्रेस संगठन के विभिन्न पदों पर रहकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम करते रहे हैं। इसके बावजूद वार्ड नंबर 34 की जनरल सीट पर सामान्य वर्ग के कार्यकर्ता को टिकट नहीं दिया गया। इससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में निराशा है।

पंडित ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। पार्टी में रहते हुए उन्होंने हमेशा संगठन और कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी, लेकिन इस बार टिकट वितरण में उनकी अनदेखी हुई।

उन्होंने कहा, “जब जनरल सीट पर भी जनरल कार्यकर्ता को मौका नहीं दिया गया, तो अब मैंने जनता के बीच जाने का फैसला किया है। मैं किसी पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने अधिकार और वार्ड की जनता के सम्मान के लिए चुनाव मैदान में उतर रहा हूं।”

विजय पंडित ने स्पष्ट किया कि उनका चुनाव किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है। उन्होंने वार्ड 34 के विकास, मूलभूत सुविधाओं, युवाओं के रोजगार के प्रयास और जनता के प्रति जवाबदेही को अपने प्रमुख मुद्दे बताया है।

26 वर्षों के संगठनात्मक अनुभव और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रियता के साथ विजय पंडित के निर्दलीय मैदान में उतरने से वार्ड नंबर 34 का चुनाव अब और महत्वपूर्ण हो गया है। टिकट वितरण को लेकर सामने आई नाराजगी के बीच उनका निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला वार्ड की चुनावी तस्वीर पर असर डालने वाला घटनाक्रम बन गया है।

Tags: