कोटा में 11 अक्टूबर को अग्रसेन जयंती, घरों में सजेंगे दीप और लहराएगी ध्वजा
कोटा में 11 अक्टूबर को अग्रसेन जयंती पर पूजन-आरती होगी। 2 अक्टूबर से अग्र सप्ताह में बच्चों और महिलाओं के लिए कई कार्यक्रम होंगे।
तस्वीर में एक जैसी लाल और नारंगी साड़ियां पहने महिलाएं हाथ में तस्वीर लिए खड़ी हैं।
कोटा में महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज की ओर से विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। सतयुग के अवतारी कहे जाने वाले और अग्रवाल समाज के आराध्य देव महाराज श्री अग्रसेन की जयंती 11 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस मौके पर घरों में ध्वजा फहराने के साथ बाहर दीपक सजाए जाएंगे और अग्रसेन चौराहा भी सजाया जाएगा।
अग्रवाल वैष्णव मोमीयान पंचायत महिला मंडल की ओर से 2 अक्टूबर से अग्र सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय रामपुरा स्थित बृज गोपाल जी के मंदिर में आयोजित महिला मंडल की बैठक में लिया गया। संस्था की अध्यक्ष शिखा मित्तल और सचिव सुनीता गोयल ने बताया कि अग्र सप्ताह के तहत बच्चों, महिलाओं और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अग्र सप्ताह के प्रथम दिन ‘बुद्धि की उड़ान’ कार्यक्रम के तहत बच्चों को स्टेशनरी एवं माइंड गेम्स वितरित किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को ‘सेहत की सहेली’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष संवाद आयोजित होगा। इसमें डॉ. अनुराधा अग्रवाल द्वारा सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इसी दिन महिलाओं के लिए आलू व्यंजन प्रतियोगिता ‘आलू से कमाल स्वाद में धमाल’ भी होगी।
4 अक्टूबर को 6 साल तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 7 साल से 11 साल तक के बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता होगी। 12 साल से 20 साल तक के बच्चों तथा महिलाओं के लिए राजस्थानी डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि महाराजा श्री अग्रसेन जयंती 11 अक्टूबर को है। जयंती के अवसर पर सुबह 9 बजे महाराजा श्री अग्रसेन जी का पूजन एवं आरती की जाएगी, जिसके बाद प्रसाद वितरण होगा।
संरक्षिका सावित्री गुप्ता ने बताया कि अग्रसेन जयंती पर समाज के लोग अपने-अपने घरों पर ध्वजा फहराएंगे और घरों के बाहर दीपक सजाएंगे। जयंती के अवसर पर अग्रसेन चौराहा भी सजाया जाएगा।