तस्वीर में कोटा में सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए शुरू किए गए कैट पाठ्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अधिकारी और सैनिक नजर आ रहे हैं.

देश की तीनों सशस्त्र सेनाओं—थल सेना, नौसेना एवं वायु सेना से सेवानिवृत्त और शीघ्र सेवानिवृत्त होने वाले सैनिकों के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में इंस्टिट्यूट ऑफ कास्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया ने सर्टिफिकेट इन अकाउंटिंग टेक्नीशियन (CAT) पाठ्यक्रम शुरू किया है। डीजीआर के तहत संचालित इस पहल का शुभारंभ सीएमए भवन, कोटा में सीएमए कोटा चैप्टर की ओर से किया गया।

सीएमए कोटा चैप्टर के चेयरमैन राजेंद्र नाटाणी ने बताया कि सीएमए भवन कोटा में इस बैच की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। पाठ्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल अभिजीत साने और गेस्ट ऑफ हॉनर रीजनल काउंसिल सदस्य एवं पूर्व नॉर्थन रीजन चेयरमेन सीएमए सत्यनारायण मित्तल मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि कर्नल अभिजीत साने ने रक्षा विभाग द्वारा सीएमए इंस्टीट्यूट के साथ बनाए गए कैट कोर्स के बारे में सभी अभ्यर्थियों को जानकारी दी। वहीं, सीएमए सत्यनारायण मित्तल ने सेवानिवृत्ति के बाद फाइनेंस एवं अकाउंट सेक्टर में भविष्य बनाने की सोच रहे अभ्यर्थियों के लिए इस कोर्स की महत्ता बताई। उन्होंने पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद प्लेसमेंट की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।

कोटा सीएमए चैप्टर में अब तक 36 सैनिकों का पंजीकरण हो चुका है। यह नियमित पाठ्यक्रम होगा और इसकी अवधि चार माह रहेगी। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद सेवानिवृत्त सैनिक बैंक और निजी संस्थानों में लेखाकार के रूप में कार्य कर सकेंगे। इसके अलावा इच्छुक अभ्यर्थी स्वयं का स्वतंत्र प्रैक्टिस भी शुरू कर सकते हैं।

इस पाठ्यक्रम में केवल सेना से संबंधित कार्मिकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के विभिन्न चैप्टरों के माध्यम से रक्षा मंत्रालय के साथ किए गए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत देश के विभिन्न शहरों में संचालित किया जा रहा है।

चेयरमेन राजेन्द्र नाटाणी ने बताया कि यह पहल सेवानिवृत्त सैनिकों को व्यावसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम का संचालन सेक्रेटरी सीएमए मुकुट बिहारी जी ने किया।

इस अवसर पर चेयरमैन सीएमए राजेंद्र नाटाणी, सीएमए सचिव मुकुट बिहारी, सीएमए राजीव अग्रवाल, सीएमए पूर्वा अग्रवाल एवं फैकल्टी मेंबर्स आदि उपस्थित रहे। कोटा चैप्टर में शुरू हुआ यह चार माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम सेवानिवृत्त सैनिकों को अकाउंटिंग क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए व्यावसायिक कौशल उपलब्ध कराने की पहल के रूप में संचालित किया जा रहा है।

Tags: