कोटा। जेईई-मेन 2027 के जनवरी सेशन के लिए विद्यार्थियों में आवेदन का उत्साह इस बार नए स्तर पर पहुंच गया है। परीक्षा के लिए अब तक 15 लाख से अधिक विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। हालांकि, इनमें से करीब 1.94 लाख विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन शुल्क जमा नहीं करवाया है। ऐसे में अंतिम तिथि तक पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक आवेदन होने की उम्मीद जताई जा रही है।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 22 नवम्बर को आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय-सीमा से 12 घंटे पहले तक के आंकड़े जारी किए हैं। इनके अनुसार, अब तक 15 लाख 4 हजार 866 विद्यार्थियों ने जेईई-मेन 2027 जनवरी सेशन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। इनमें से 13 लाख 10 हजार 493 विद्यार्थियों ने आवेदन शुल्क जमा करवा दिया है, जबकि 1 लाख 94 हजार 373 विद्यार्थियों की फीस जमा होना बाकी है।

आवेदन की नियमित समय-सीमा 22 नवम्बर रात 11.30 बजे समाप्त होने के बाद भी विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया गया है। अब 500 रुपए विलम्ब शुल्क के साथ 26 नवम्बर रात 11.30 बजे तक आवेदन किया जा सकेगा। अमित आहूजा के अनुसार, इस अतिरिक्त समय को देखते हुए संभावना है कि इस वर्ष जेईई-मेन जनवरी सेशन के लिए रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा पिछले वर्ष के करीब 13 लाख 55 हजार रजिस्ट्रेशन से अधिक हो सकता है।

27 से 29 नवम्बर तक खुलेगी करेक्शन विंडो

आहूजा ने बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए लगातार प्रेरित कर रही है। विलम्ब शुल्क के साथ आवेदन की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 27 से 29 नवम्बर तक जेईई-मेन की आधिकारिक वेबसाइट पर करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी। इस दौरान विद्यार्थी अपने आवेदन में दर्ज गलतियों को सुधार सकेंगे।

रजिस्ट्रेशन के बाद फीस जमा नहीं करने के पीछे ये कारण

इस वर्ष आवेदन प्रक्रिया में पहली बार बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी सामने आए हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो करवा लिया, लेकिन आवेदन शुल्क जमा नहीं किया। इसके पीछे आवेदन प्रक्रिया में किए गए कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी वजह माने जा रहे हैं।

एनटीए ने पहली बार विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद भी आवेदन में गलती होने की स्थिति में दोबारा नया आवेदन करने का अवसर दिया है। इसके चलते कई विद्यार्थी आवेदन शुल्क जमा करने के बजाय नए सिरे से रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं।

आहूजा के अनुसार, आवेदन के दौरान नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक विवरण, फोटो, परीक्षा का माध्यम और कैटेगरी से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी भरने में गलती होने पर विद्यार्थी दोबारा आवेदन कर रहे हैं। इसके अलावा लाइव फोटो के मिसमैच होने के कारण भी नए सिरे से आवेदन किए जा रहे हैं।

ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें विद्यार्थियों ने आधार कार्ड में बाद में फोटो या नाम अपडेट करवाया, लेकिन आवेदन पुराने आधार कार्ड के आधार पर कर दिया। ऐसे विद्यार्थी भी अब दोबारा रजिस्ट्रेशन करते दिखाई दे रहे हैं।

इसी वजह से कुल रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों और आवेदन शुल्क जमा कर प्रक्रिया पूरी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है। अब 26 नवम्बर तक विलम्ब शुल्क के साथ आवेदन की सुविधा मिलने के बाद इस अंतर और कुल रजिस्ट्रेशन के आंकड़े में बदलाव की संभावना है।

Tags: