कोटा जिला कलेक्ट्रेट में नेताओं के बयानों का विरोध करते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते बागेश्वर धाम शिष्य मंडल के अनुयायी।   

कोटा में बागेश्वर धाम सरकार के समर्थन में बागेश्वर धाम शिष्य मंडल के अनुयायियों ने गुरुवार, 5 नवम्बर को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान अखिलेश यादव, पप्पू यादव और दामोदर यादव के बयानों के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के बाद शिष्य मंडल की ओर से जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

बागेश्वर धाम शिष्य मंडल के अनुयायी अनुज शर्मा ने आरोप लगाया कि परम पूज्य गुरुदेव भगवान बागेश्वर धाम सरकार ने कथा के दौरान भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के संदर्भ में जो भाव व्यक्त किए थे, उन्हें अखिलेश यादव, पप्पू यादव एवं दामोदर यादव ने गलत अर्थों में प्रस्तुत किया।

इसी के विरोध में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी बंधु और सनातनी भाई कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने तीनों नेताओं के बयानों के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।

अनुज शर्मा ने कहा कि यदि तीनों नेताओं की ओर से अनर्गल बयानबाजी नहीं रोकी गई तो बागेश्वर धाम शिष्य मंडल की ओर से बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने इस मामले में विरोध जताते हुए शिष्य मंडल की मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान अनुज शर्मा, उमेश गौतम, मोहित नामा, जोधराज जी, शिव जी, श्याम जी, सतीश जी, प्रमोद, सुनील सहित अन्य अनुयायी मौजूद रहे।

Tags: