कोटा में 15 नवंबर को माहेश्वरी समाज का अन्नकूट महोत्सव, 5 हजार से अधिक लोग ग्रहण करेंगे महाप्रसादी
कोटा के सिटी पार्क में 15 नवंबर को माहेश्वरी समाज का अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी, पांच हजार से अधिक लोगों की महाप्रसादी, छप्पन भोग और भजन संध्या कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
तस्वीर में कोटा में माहेश्वरी समाज के प्रतिनिधियों द्वारा आगामी 15 नवंबर को सिटी पार्क में आयोजित होने वाले अन्नकूट महोत्सव की निमंत्रण पत्रिका का विमोचन किया जा रहा है।
कोटा में माहेश्वरी समाज का अन्नकूट महोत्सव इस बार सामूहिक भक्ति, सामाजिक एकजुटता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के संदेश के साथ आयोजित होगा। श्री माहेश्वरी समाज कोटा से संबद्ध श्री माहेश्वरी पंचायत की ओर से 15 नवंबर, रविवार को सिटी पार्क में अन्नकूट महोत्सव एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम 6.15 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक समाजबंधु सामूहिक महाप्रसादी ग्रहण करेंगे।
पंचायत अध्यक्ष कृष्णगोपाल जाखेटिया ने बताया कि समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति (पश्चिमांचल) राजेश कृष्ण बिरला पांचजन्य अतिथि और कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मंत्री रामचरण धूत ने बताया कि सिटी पार्क में समाजबंधुओं के प्रवेश की व्यवस्था आईएल मंदिर की तरफ स्थित गेट से रहेगी। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए गोल्फ कार्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का किया आह्वान
अन्नकूट महोत्सव की निमंत्रण पत्रिका के विमोचन अवसर पर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी सार्थक होगा, जब त्योहारों की खरीदारी में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं की खरीदारी से अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ लाखों कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यापारियों के परिवारों में खुशहाली आती है। उन्होंने देसी मिठाइयां, मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुएं और घरेलू उत्पाद अपनाने का आग्रह किया। साथ ही अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों में भी स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
समाज प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निमंत्रण पत्रिका का विमोचन
पंचायत अध्यक्ष कृष्णगोपाल जाखेटिया ने बताया कि राजेश कृष्ण बिरला ने समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजन की निमंत्रण पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जाखेटिया, मंत्री राम चरण धूत, पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेशचंद अजमेरा, सहमंत्री घनश्याम मूंदड़ा, कोटा जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेशचंद्र काबरा, मंत्री ओमप्रकाश गट्टानी, सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भंडारी, माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष मूंदड़ा, पंचायत कोषाध्यक्ष बृजगोपाल भराड़िया और उपाध्यक्ष सत्यनारायण चांडक सहित समाज के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
छप्पन भोग के दर्शन के साथ होगी भजन संध्या
मंत्री रामचरण धूत ने बताया कि महोत्सव में ठाकुरजी की भव्य झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं को नयनाभिराम दर्शन के साथ छप्पन भोग अर्पित करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद भजन गायक श्री गोविंदा माहेश्वरी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजन संध्या के दौरान समाजबंधु सामूहिक महाप्रसादी ग्रहण करेंगे।
आयोजन में कोटा के अलावा बूंदी, बारां, झालावाड़ और रावतभाटा से भी माहेश्वरी समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। धार्मिक आयोजन के माध्यम से समाज के पांच हजार से अधिक लोगों के एकत्र होने के साथ स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय कारीगरों एवं व्यापारियों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया जाएगा।