खेरवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 107 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
खेरवाड़ा पुलिस ने नाकाबंदी में 107 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार और 60 लाख का माल जब्त।
तस्वीर में खेरवाड़ा थाना पुलिस टीम जब्त किए गए अवैध शराब के कार्टन और ट्रक के साथ खड़ी नजर आ रही है.
खेरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 107 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 60 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत विश्नोई एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव छगन पुरोहित के निकट पर्यवेक्षण में थाना खेरवाड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 31 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर मोथली पुल के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने ट्रक (आरजे 27 जीसी 1118) को रोककर तलाशी ली। तलाशी में ट्रक से विभिन्न ब्रांड की कुल 107 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने अवैध शराब को जब्त करते हुए परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान नानालाल पिता देवीलाल भील (30 वर्ष) एवं कमलेश पिता कन्हैयालाल भील (18 वर्ष 2 माह), निवासी इन्द्रा कॉलोनी, फतेहनगर को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये है, जबकि जब्त ट्रक की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में कुल लगभग 60 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा, उपनिरीक्षक राकेश मेहता, हैड कांस्टेबल दान वीर सिंह एवं राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल भरत, मनिंदर, दिलीप और मयंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ प्रभावी कदम उठाते हुए शराब और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त किया गया।