वाराणसी और साबरमती के बीच रेल यात्रियों को नई प्रतिदिन एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे ने वाराणसी-साबरमती-वाराणसी प्रतिदिन एक्सप्रेस नई रेलसेवा का नियमित संचालन शुरू करने की घोषणा की है। इस रेलसेवा का संचालन वाराणसी से 02 नवंबर 2026 और साबरमती से 04 नवंबर 2026 से प्रारम्भ होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 12206 वाराणसी-साबरमती प्रतिदिन एक्सप्रेस 02.11.2026 (सोमवार) से नियमित रूप से संचालित होगी। यह ट्रेन वाराणसी से प्रतिदिन 17.30 बजे रवाना होकर अगले दिन 20.15 बजे साबरमती पहुंचेगी।

इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 12205 साबरमती-वाराणसी प्रतिदिन एक्सप्रेस का नियमित संचालन 04.11.2026 (बुधवार) से शुरू होगा। यह ट्रेन साबरमती से प्रतिदिन 05.20 बजे रवाना होकर अगले दिन 06.30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

नई रेलसेवा के मार्ग में मिर्जापुर, सुबेदारगंज, गोविन्दपुरी, टूण्डला, ईदगाह, भरतपुर, नदबई, खेडली, मंडावर महुआ रोड, बांदीकुई, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना, आबूरोड, पालनपुर एवं महेसाना स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे इन स्टेशनों के यात्रियों को वाराणसी और साबरमती के बीच सीधी रेलसेवा उपलब्ध होगी।

रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन में कुल 21 डिब्बे होंगे। इनमें 02 सैकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 06 द्वितीय शयनयान, 05 साधारण श्रेणी, 01 पावरकार एवं 01 गार्ड डिब्बा शामिल हैं।

वाराणसी-साबरमती-वाराणसी प्रतिदिन एक्सप्रेस के नियमित संचालन से दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क उपलब्ध होगा। साथ ही राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना और आबूरोड सहित मार्ग के अन्य प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को भी इस नई रेलसेवा का लाभ मिलेगा।

Tags: