जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में स्वामी सर्वानंद जी महाराज के जन्मोत्सव की तैयारी।

जयपुर। श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के परम शिष्य एवं द्वितीय पीठाधीश्वर महर्षि सतगुरु स्वामी सर्वानंद जी महाराज का 130वां जन्मोत्सव 20 अक्टूबर मंगलवार से 24 अक्टूबर शनिवार तक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। पांच दिवसीय जन्मोत्सव के दौरान हवन-यज्ञ, संत भंडारा, गौसेवा, विशाल कन्या भोज, 56 भोग की विशेष झांकी, दीप प्रज्वलन और विशाल आम भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

जन्मोत्सव के शुभारंभ पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को सुबह 7 से 9 बजे तक प्रार्थना-सत्संग होगा। इस दौरान श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब और गीता जी के पाठों का शुभारंभ किया जाएगा। नित्य नियम, प्रार्थना, संत-महात्माओं द्वारा भजन-सत्संग और हवन-यज्ञ के अनुष्ठान भी होंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार, 21 अक्टूबर को सुबह संत-महात्माओं के लिए भोजन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम को वेद गुरुकुल आश्रम के बटुक ब्राह्मणों का भोज होगा। गुरुवार, 22 अक्टूबर को एकादशी के अवसर पर मांग्यवास स्थित सतगुरु टेऊँराम गौशाला में गौमाता की सेवा और पूजा की जाएगी। इसके साथ ही सायंकाल संकीर्तन मंडली द्वारा भजन-कीर्तन किया जाएगा।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे विशाल कन्या भोज आयोजित होगा। इसके बाद शनिवार, 24 अक्टूबर को जन्म जयंती के अवसर पर पांच दिवसीय पाठों का भोग परायण, बधाई गीत, महाप्रसादी भोग और विशाल आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दिन सायंकाल 130 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और 56 भोग की विशेष झांकी सजाई जाएगी।

संत-महात्माओं ने बताया कि पांच दिवसीय जन्मोत्सव के दौरान संत-महात्मा सतगुरु स्वामी सर्वानंद जी महाराज की महिमा का गुणगान करेंगे। प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक भजन-सत्संग एवं आरती सहित धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

श्री अमरापुर स्थान में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का समय सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक और शाम 3 से रात 8:30 बजे तक निर्धारित है। पांच दिवसीय जन्मोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, सेवा गतिविधियों और सामूहिक भंडारों के माध्यम से सतगुरु स्वामी सर्वानंद जी महाराज की जन्म जयंती मनाई जाएगी।

Tags: