जयपुर दशहरा महोत्सव: 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट कुंभकर्ण पुतलों का दहन, होगी विशेष आतिशबाजी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आदर्श नगर दशहरा मैदान में भव्य शोभायात्रा और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ होगा आयोजन।
जयपुर के आदर्श नगर में तैयार किए जा रहे रावण और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतले।
जयपुर के आदर्श नगर दशहरा मैदान में मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव में 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजित इस महोत्सव में शाम 7:30 बजे रावण दहन होगा। इससे पहले भव्य आतिशबाजी के जरिए आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा। आतिशबाजी में नियाग्रा फॉल जैसा दृश्य, रंगीन झरने, चमकती अशर्फियों की बरसात और हवाई आतिशबाजी के आकर्षक नजारे देखने को मिलेंगे।
सभा के महामंत्री अनिल खुराना ने बताया कि इस बार रावण और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतले तैयार किए गए हैं। अध्यक्ष हरचरण लेकर ने बताया कि महोत्सव के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद मंजू शर्मा करेंगी। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर सुनील कोठारी उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में कालीचरण सराफ, रफीक खान, पवन अरोड़ा, अजयपाल सिंह और रवि नय्यर शामिल होंगे। क्षेत्रीय पार्षद नीरज अग्रवाल एवं ऋतु चौधरी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। विशेष आमंत्रितों में राजेश गुप्ता (जेवीवीएनएल) और कपिल चोपड़ा शामिल हैं।
कार्यक्रम संयोजक राजीव मनचंदा ने बताया कि रावण दहन से पहले विशेष आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है। इसमें आसमान में नियाग्रा फॉल जैसा दृश्य साकार होगा। रंगीन झरनों की तरह आतिशबाजी की चमकीली बूंदें बरसेंगी और स्टार वार जैसा रोमांचक नजारा दिखाई देगा। चमचमाती अशर्फियों की बरसात, जमीन से उठते सुनहरे अनार और धूमकेतु जैसी रोशनी दर्शकों को आकर्षित करेगी।
आतिशबाजी के दौरान हवाई मछलियां चारों दिशाओं में तैरती नजर आएंगी, जबकि ऑक्टोपस जैसी आकृतियां रंगीन छटा बिखेरेंगी। लंबे बांसों पर घूमती रंगीन चकरियां, लाल, हरी, नीली और पीली हवाई आतिशबाजी तथा आसमान में खिलते फूलों के गुलदस्ते पूरे वातावरण को उत्सवमय बनाएंगे। रंगीन सितारों के समूह भी आसमान में अनूठी छटा बिखेरेंगे।
रावण दहन के दौरान पुतले की आंखों से शोले और मुंह से आग के गोले निकलेंगे। उसकी नाभि और सिर पर अग्नि चक्र घूमेगा, जबकि तलवार और ढाल से सुनहरी चिंगारियां फूटेंगी। भगवान श्रीराम के स्वरूप द्वारा रावण की नाभि पर अग्निबाण चलाते ही दहन का क्रम शुरू होगा। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
रामलीला संयोजक संजय आहूजा एवं जितेंद्र चड्ढा ने बताया कि मंगलवार को दोपहर 3 बजे श्री राम मंदिर से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। शोभायात्रा में लवाजमे के साथ भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण के स्वरूप विराजमान होंगे। शोभायात्रा राम मंदिर से पंचवटी सर्किल, राजा पार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, लक्ष्मी नारायण मंदिर, कृष्ण प्रणामी मंदिर, कृष्ण मंदिर, 20 दुकान, स्वामी नंदराम मंदिर, स्वामी गंगादास मंदिर, बर्फखाना, मामा की होटल और पुलिया नंबर एक होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न व्यापार मंडलों की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा।
महोत्सव में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों और खानपान की स्टॉलों की व्यवस्था भी रहेगी। मीडिया प्रभारी तुलसी संगतानी ने बताया कि रावण दहन के बाद श्री राम मंदिर में भगवान श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा। विशाल पुतलों के दहन, भव्य शोभायात्रा और विशेष आतिशबाजी के साथ आदर्श नगर का दशहरा महोत्सव धार्मिक आयोजनों और आकर्षक नजारों का केंद्र रहेगा।