जयपुर के रमेश चन्द्र वशिष्ठ को नई दिल्ली में राष्ट्रीय शिक्षक गौरव अवार्ड से सम्मान
जयपुर के शिक्षाविद एवं राजस्थान संस्कृत शिक्षा के पूर्व उप निरीक्षक रमेश चन्द्र वशिष्ठ को नई दिल्ली में “शिक्षक गौरव अवार्ड”-2026 से सम्मानित किया गया। 51 विशिष्ट शिक्षकों एवं प्रतिभाओं को भी सम्मान मिला।
तस्वीर में नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षाविदों द्वारा श्री रमेश चन्द्र वशिष्ठ को प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जा रहा है।
नई दिल्ली में 20 सितम्बर 2026 को आयोजित शिक्षक दिवस एवं सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन जयंती समापन महोत्सव में जयपुर के श्री रमेश चन्द्र वशिष्ठ को राष्ट्रीय स्तर पर “शिक्षक गौरव अवार्ड”-2026 से सम्मानित किया गया। राजस्थान संस्कृत शिक्षा के पूर्व उप निरीक्षक, विभिन्न धार्मिक पुस्तकों के लेखक और शिक्षाविद रमेश चन्द्र वशिष्ठ को संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में उनकी अभूतपूर्व एवं उल्लेखनीय शैक्षणिक सेवाओं तथा अन्य उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
“वसुधैव कुटुम्बकम्, उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्” की कार्य-योजना को आगे बढ़ाने वाले “अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच” की ओर से नई दिल्ली में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ‘एडवोकेट’ ने बताया कि 25 राष्ट्रों के सानिध्य में गठित मंच की चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. हुकुमचन्द गणेशिया (चांसलर) द्वारा जयपुर (राजस्थान) के श्री रमेश चन्द्र वशिष्ठ सहित सम्पूर्ण भारत एवं विभिन्न देशों के 51 विशिष्ट शिक्षकों एवं प्रतिभाओं को “शिक्षक गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच के अनुसार, यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने तथा समाज में शिक्षक के सम्मान एवं शिक्षा के महत्व को और अधिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में मंच की महत्वपूर्ण पहल है।
नई दिल्ली में आयोजित अभिनन्दन एवं सम्मान समारोह में “रिटायर्ड सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय जजेज एसोसिएशन” के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री जे.के.राका, उड़ीसा उच्च न्यायालय भुवनेश्वर के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. इशरत मसरूर कुद्दुसी, राज्यसभा सांसद नई दिल्ली अनन्त महाराज श्री नागेन्द्रराय, सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह, रोमा इंटरनेशनल कल्चर विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति डॉ. हुकुमचन्द गणेशिया, नेपाल काठमांडू ईस्ट वेस्ट लॉ फर्म एवं मंच संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा तथा राज्यसभा सांसद माननीय विजय पाल सिंह तोमर की गरिमामय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर संस्कृत शिक्षा राजस्थान के पूर्व उप निरीक्षक रमेश चन्द्र वशिष्ठ को “शिक्षक गौरव अवार्ड”-2026, अभिनन्दन पत्र, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षक दिवस एवं डॉ. राधाकृष्णन जयंती समापन महोत्सव-2026 सम्पन्न हुआ।