स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ब्यावर में वरिष्ठ पत्रकार दिलीप सिंह को सम्मानित करते जिला प्रशासन के अधिकारी और जन प्रतिनिधि।

ब्यावर(प्रातःकाल संवाददाता)। रचनात्मक पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित माणक अलंकरण (विशिष्ट पुरस्कार) से अलंकृत वरिष्ठ पत्रकार दिलीप सिंह को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

विजयनगर रोड स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य सार्वजनिक समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमलराम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड़ ने वरिष्ठ पत्रकार दिलीप सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

वरिष्ठ पत्रकार दिलीप सिंह को इससे पूर्व भी कई सरकारी एवं गैर सरकारी पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। अपने 25 वर्षीय पत्रकारीय सफर में उन्होंने संसार प्रसिद्ध प्रयागराज महाकुंभ मेला-2025, हरिद्वार महाकुंभ मेला-2010 तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आधिकारिक राजस्थान यात्रा का तीन बार विशेष कवरेज किया है।

राष्ट्रीय पर्व के जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके कार्य की सराहना करते हुए किया गया यह सम्मान उनके 25 वर्षीय पत्रकारीय सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ।

Tags: