भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा का मौका, 21 अक्टूबर से होगी शुरुआत
आईआरसीटीसी की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से 21 अक्टूबर से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा शुरू होगी। 12 दिन की यात्रा में तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन के दर्शन होंगे।
तस्वीर में 'दक्षिण भारत दर्शन यात्रा' का प्रचार पोस्टर दिखाई दे रहा है, जिस पर भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन यात्रा की तिथियां, गंतव्य स्थल, पैकेज मूल्य और संपर्क विवरण लिखे हैं।
आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं की मांग को ध्यान में रखते हुए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा शुरू करने का फैसला किया है। 12 दिन की यह यात्रा 21 अक्टूबर 2026 से 01 नवंबर 2026 तक चलेगी। ट्रेन सीकर जंक्शन से रवाना होकर जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ से यात्रियों को सवार कर दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक ले जाएगी।
भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से आयोजित इस यात्रा में रामेश्वरम के रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी, तिरुपति बालाजी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा।
आईआरसीटीसी, जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मुकेश सैनी ने बताया कि भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में इकॉनमी वातानुकूलित एवं गैर वातानुकूलित कोच, आधुनिक किचन-कार, बायो-टॉयलेट्स सहित कई सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों की सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा को इकॉनमी, स्टैण्डर्ड और कंफर्ट तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
इकॉनमी केटेगरी का मूल्य 24,100 रुपये रखा गया है। इसमें नॉन-एसी स्लीपर ट्रेन यात्रा, नॉन-एसी आवास और नॉन-एसी बसों की व्यवस्था रहेगी। स्टैण्डर्ड केटेगरी का मूल्य 37,810 रुपये है, जिसमें IIIrd एसी इकॉनमी ट्रेन यात्रा, नॉन-एसी आवास और नॉन-एसी बसों की सुविधा मिलेगी। वहीं कंफर्ट केटेगरी का मूल्य 50,290 रुपये रखा गया है। इसके अंतर्गत IInd एसी ट्रेन यात्रा के साथ एसी आवास और एसी बसों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यात्रा 21.10.2026 को सीकर जंक्शन से रवाना होगी और 23.10.2026 को रेणीगुंटा स्टेशन पहुंचेगी। रेणीगुंटा/तिरुपति में रात्रि विश्राम रहेगा। 24.10.2026 को यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद ट्रेन 25.10.2026 को रेणीगुंटा स्टेशन से रामेश्वरम के लिए रवाना होगी।
26.10.2026 को ट्रेन रामेश्वरम पहुंचेगी। यहां यात्रियों को रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे और रात्रि विश्राम होगा। 27.10.2026 को ट्रेन रामेश्वरम से मदुरै के लिए रवाना होगी। शाम को मदुरै में मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद रात में ट्रेन कन्याकुमारी के लिए रवाना होगी।
28.10.2026 को सुबह ट्रेन कन्याकुमारी पहुंचेगी। दिन में यात्रियों को कन्याकुमारी का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद रात में ट्रेन मरकापुर स्टेशन के लिए रवाना होगी। 30.10.2026 को ट्रेन मरकापुर स्टेशन पहुंचेगी, जहां यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के बाद रात्रि में ही ट्रेन वापसी की यात्रा शुरू करेगी।
वापसी यात्रा के दौरान ट्रेन जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ होते हुए 01.11.2026 को सीकर जंक्शन पहुंचेगी, जहां यात्रा समाप्त होगी।
इस यात्रा में सभी यात्रियों को कन्फर्म बर्थ के साथ होटल-आवास, खान-पान की सुविधा यानी ब्रेकफास्ट, लंच एवं डिनर, ट्रांसपोर्टेशन और मंदिर दर्शन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इंस्युरेन्स के साथ सरकार/पीएसयू के कर्मचारी इस यात्रा पर वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर पात्रता के अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं।
यात्रा पैकेज की विस्तृत जानकारी व्हाट्सएप नंबर 8595930998 और 8595924336 पर उपलब्ध है। पैकेज की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर भी की जा सकती है। इसके अलावा आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय, फर्स्ट फ्लोर, जीवन प्रकाश एलआईसी बिल्डिंग, आंबेडकर सर्किल, भवानी सिंह रोड, जयपुर, राजस्थान 302005 में पहुंचकर भी बुकिंग कराई जा सकती है।
आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय का पता फर्स्ट फ्लोर, जीवन प्रकाश एलआईसी बिल्डिंग, आंबेडकर सर्किल, भवानी सिंह रोड, जयपुर, राजस्थान 302005 है। कार्यालय के मोबाइल नंबर 8595930998 और 8595924336 हैं।