तस्वीर में तस्वीर के बाएं से दाएं पुलिस अधिकारी और अन्य कर्मी गाडोता बटालियन मुख्यालय में एक भव्य सम्मान समारोह के दौरान नजर आ रहे हैं।

जयपुर, 13 अगस्त। राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) राजस्थान के गाडोता स्थित बटालियन मुख्यालय में आयोजित गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह में 29 अधिकारियों और जवानों को उनकी समर्पित, उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए विभिन्न सेवा अलंकरणों और सम्मान चिह्नों से सम्मानित किया गया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री रूपिन्दर सिंघ ने कार्मिकों को पदक और डिस्क प्रदान किए।

समारोह में आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्यों में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से 1, डीजीपी डिस्क-2025 से 9, डीजीपी डिस्क-2026 से 15, सर्वोत्तम सेवा चिन्ह से 3 और अति उत्तम सेवा चिन्ह से 1 अधिकारी एवं जवान सहित कुल 29 कार्मिकों को सम्मान मिला।

एडीजी श्री रूपिन्दर सिंह ने सम्मानित जवानों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान कार्मिकों की मेहनत का प्रतिफल हैं और अन्य जवानों के लिए प्रेरणा स्रोत बनते हैं। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में जवानों द्वारा प्रदर्शित साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनाओं की सराहना की।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में एसडीआरएफ के पूर्व कमाण्डेन्ट एवं वर्तमान में पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा), पुलिस मुख्यालय श्री राजेन्द्र सिंह सिसोदिया को भावपूर्ण विदाई दी गई। बटालियन परिवार ने एसडीआरएफ के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और आपदा प्रबंधन में उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में सेवा के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले 29 अधिकारियों एवं जवानों का सम्मान और एसडीआरएफ के पूर्व कमाण्डेन्ट श्री राजेन्द्र सिंह सिसोदिया की विदाई, बल की सेवा, नेतृत्व और आपदा प्रबंधन में समर्पण को रेखांकित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर रहा।

Tags: