तस्वीर में आरएस क्लब, जयपुर में आयोजित सहकारिता विभाग के कार्यक्रम के दौरान मंच पर हाथ में तिरंगा थामे और माइक से संबोधित करते हुए अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।

जयपुर, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सहकारिता विभाग की ओर से आरएस क्लब में ‘‘मंजिल की ओर बढ़ते कदम’’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों, नवाचारों और भावी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य संस्कृति के लिए प्रेरित किया गया। सहकारिता राज्य मंत्री श्री गोतम कुमार दक तथा शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सहकारिता विभाग एवं विभिन्न सहकारी संस्थाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि गत ढाई वर्षों में सहकारिता विभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा ‘सहकार से समृद्धि’ कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न पहलों में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य की पहचान स्थापित की है। उन्होंने सहकार से समृद्धि, सहकारिता में सहकार, राजफैड की प्रमुख उपलब्धियां एवं भावी कार्ययोजना, विभागीय भावी कार्ययोजना, राजस्थान राज्य सहकारी बैंक की उपलब्धियां, राजस्थान भूमि विकास बैंक की उपलब्धियां एवं कॉनफैड की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने ‘‘मंजिल की ओर बढ़ते कदम’’ तथा सहकारिता विभाग एवं आरसीएस ऑफिस की 10 प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही विभाग में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्धता, कार्य संस्कृति के निर्माण, प्रशासन में पारदर्शिता और सुशासन की स्थापना के लिए प्रेरक पीपीटी के माध्यम से कार्मिकों को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पैक्स की ऑडिट, भारत टैक्सी की उपलब्धियों एवं भावी कार्ययोजना तथा सहकारिता विभाग में हुए डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर भी चर्चा हुई। इसमें राजसहकार पोर्टल, राजफैड एमएसपी ओपीआर पोर्टल एवं राजफैड किसान मोबाइल एप सहित विभिन्न डिजिटल पहलों की जानकारी दी गई। आरसीएस ऑफिस की आधारभूत संरचना में हुए सुधार, जैसे लिफ्ट, कैंटिन, फ्लैग, आरसीएस ऑफिस की स्वच्छता, एसी मरम्मत आदि कार्यों तथा कार्मिकों में कार्य संस्कृति के निर्माण के साथ सहकार वन के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई।

समारोह के दौरान सहकारिता विभाग एवं विभिन्न संस्थाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्री संजय पाठक, श्रीमती अभिलाषा पारीक, श्री दिलीप पारीक, श्री पंकज आसोपा, श्री सुरेश कुमार, श्री पवन कुमार, श्री शशि शेखर, श्री नीरज शर्मा, श्री शिवराज मालव, श्री संजय वर्मा, श्री जगदीश सिंह, श्री गौरव सिंह, श्री पंकज सामरिया, श्री अशोक विश्नोई, श्रीमती सपना, श्री भूरसिंह, श्री तरूण भादू, श्री सोनू कुमार, श्री हरिराम बेडा, श्रीमती कपिला चोयला, श्री करण सिंह, श्री सुशील बिसु, श्री धर्मेंद्र सिंह, श्रीमती दीपिका सिंह, श्री क्षितिज सेठी, श्री धर्मेंद्र कुमार, श्रीमती गीता रानी, श्री शैलेष सोनी, श्री राजेश गुर्जर, श्री शिशिर रस्तोगी, श्री राकेश माथुर, श्री शंशाक जैन, श्री श्रीराम यादव, श्री पुनीत पारीक एवं श्री विष्णु पारीक को प्रशस्ति-पत्र तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं अन्य देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को तिरंगा वितरित किया गया।

सहकारिता विभाग एवं विभिन्न सहकारी संस्थाओं की प्रमुख उपलब्धियों के तहत सहकार से समृद्धि कार्यक्रम में विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना, पैक्स कम्प्यूटराइजेशन, एआरडीबी कम्प्यूटराइजेशन, पैक्स विहीन ग्राम पंचायतों में नवीन एम-पैक्स का गठन, पैक्स को कम से कम तीन व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ना, डेयरी कोऑपरेटिव सोसायटी का गठन और बहु-राज्यीय सहकारी समितियों की सदस्यता शामिल है।

सहकारिता में सहकार के तहत विभिन्न डेयरी सहकारी समितियों के खाते केंद्रीय सहकारी बैंकों में खोलना एवं अधिकाधिक लेन-देन करना, अपनी जमाएं केंद्रीय सहकारी बैंकों में जमा करना, रुपये क्रेडिट कार्ड एवं माइक्रो एटीएम का वितरण करना तथा बैंक मित्र बनाना शामिल है।

राजफैड की प्रमुख उपलब्धियों में समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन की खरीद के दौरान क्रय केंद्रों पर किसानों की वास्तविक पहचान के लिए आधार आधारित अभिप्रमाणन के बाद खरीद करना शामिल है। किसानों को विक्रय जिंस के भुगतान की सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जा रही है तथा किसान एप के माध्यम से भुगतान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन बारदाना प्रबंधन के लिए ओपीआर पोर्टल में नए फीचर जोड़कर इसे विकसित किया जा रहा है।

राजफैड की भावी कार्ययोजना में कस्टम हायरिंग केंद्र का न्यूनतम 300 घंटे संचालन किया जाना, एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत केवीएसएस में विशेष उत्पादों की प्रसंस्करण इकाई स्थापित करना तथा नवगठित केवीएसएस को समर्थन मूल्य केंद्र स्थापित करवाना शामिल है।

विभागीय भावी कार्ययोजना के तहत राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2024-25 की अनुपालना में प्रस्तावित नवीन सहकारिता विधेयक 2025 को विधि विभाग से विधिक्षा करवाकर कैबिनेट के अनुमोदन के बाद विधानसभा के समक्ष प्रस्तुत करवाना है। राज्य में कुल निर्वाचन योग्य 21799 सहकारी समितियों में से निर्वाचन से शेष रही सहकारी समितियों का निर्वाचन करवाया जाना है। सहकारिता मंत्रालय द्वारा प्रेषित प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियों के आदर्श उपनियमों का अधिनियम 2001 एवं नियम 2003 के आलोक में परीक्षण कर लागू करवाया जाना है। जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघों के उपनियमों के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सिविल अपील संख्या 4352/2026 में पारित आदेश दिनांक 10.04.2026 के अनुसार उपनियमों में संशोधन की कार्यवाही की जानी है।

राजस्थान राज्य सहकारी बैंक की प्रमुख उपलब्धियों में अल्पकालीन ब्याज मुक्त फसली ऋण वितरण, मध्यकालीन ऋण एवं दीर्घकालीन ऋण वितरण, डिजिटल बैंकिंग एवं मोबाइल सुविधाएं तथा गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना शामिल हैं।

राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक की प्रमुख कार्ययोजनाओं में मुख्यमंत्री अवधिपार ब्याज राहत एकमुश्त समाधान योजना का प्रभावी क्रियान्वयन एवं वसूली को प्रोत्साहन, कम्प्यूटराइजेशन तथा समस्त प्राथमिक भूमि विकास बैंकों को लाभ की स्थिति में लाना शामिल है।

कॉनफैड की प्रमुख उपलब्धियों एवं भावी कार्ययोजना के तहत प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों का संचालन, जैविक सहकार एवं सहकारी विपणन में सुधार, जेनेरिक दवाओं के प्रयोग और उपभोक्ताओं के लिए कम मूल्य पर उनकी उपलब्धता को प्रोत्साहित करने तथा उनकी उपयोगिता पर बल दिया गया। इस तरह कार्यक्रम में विभाग की उपलब्धियों के साथ भावी कार्ययोजना, कार्य संस्कृति और हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कार्मिकों की भागीदारी को प्रमुखता दी गई।

Tags: