जयपुर में स्वतंत्रता दिवस पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ करेंगे ध्वजारोहण, 91 उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
जयपुर में 15 अगस्त को चौगान स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह होगा, जहां कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ध्वजारोहण करेंगे और सम्मान समारोह होगा।
जयपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह 15 अगस्त, 2026 को चौगान स्टेडियम में आयोजित होगा। समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, युवा मामले एवं खेल, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता तथा सैनिक कल्याण विभाग के माननीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 37 अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह से पहले मुख्य अतिथि कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ एवं माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी अमर जवान ज्योति स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चौगान स्टेडियम में प्रातः 9ः30 बजे ध्वजारोहण के साथ जिला स्तरीय समारोह की शुरुआत होगी। इसके बाद राज्यपाल महोदय का संदेश वाचन किया जाएगा। विद्यालयी छात्र-छात्राएं शारीरिक व्यायाम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद बैंड वादन तथा मुख्य अतिथि का उद्बोधन होगा। समारोह में पुरस्कार वितरण के बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि संभागीय आयुक्त जयपुर वे सरवन कुमार प्रातः 8ः00 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय में ध्वजारोहण करेंगे। वहीं जिला कलक्टर संदेश नायक प्रातः 7ः35 बजे जिला कलक्टर कार्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे।
इस दौरान कलेक्ट्रेट जयपुर में कार्यरत 54 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस तरह चौगान स्टेडियम में 37 और कलेक्ट्रेट में 54 उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों का सम्मान स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख हिस्सा रहेगा।