रमेश वशिष्ठ को सरदार पटेल गौरव अवार्ड, शिक्षा और समाज सेवा में योगदान सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा जयपुर में आयोजित समारोह में संस्कृत शिक्षा विभाग के पूर्व उपनिरीक्षक रमेश वशिष्ठ समेत 85 विशिष्ट प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित।
जयपुर में अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच के समारोह में रमेश वशिष्ठ को सरदार पटेल गौरव अवार्ड प्रदान किया गया।
जयपुर। शिक्षाविद् एवं सामाजिक योगदान के लिए पहचान रखने वाले रमेश वशिष्ठ को प्रतिष्ठित ‘सरदार पटेल गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं संयुक्त राष्ट्र स्थापना दिवस समापन महोत्सव के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को जयपुर में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
संस्कृत शिक्षा विभाग के पूर्व उपनिरीक्षक एवं विभिन्न सामाजिक और धार्मिक पुस्तकों के लेखक रमेश वशिष्ठ को उनकी विशिष्ट सेवाओं एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय जजेज एसोसिएशन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति जे.के. रांका रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में सम्मान समारोह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष (राज्यमंत्री) श्री राजेंद्र कुमार नायक तथा जयपुर नगर निगम की पूर्व महापौर श्रीमती शील धाबाई विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इनके साथ समाजसेवी श्री धर्मेन्द्र मारवाल, ग्लोबल एंबेसडर डॉ. सुश्री तुहिना प्रकाश शर्मा (पुष्कर, अजमेर), श्री मूल सिंह नाथावत (जयपुर) और डॉ. ओम प्रकाश शर्मा (जयपुर) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की अध्यक्षता रोमा इंटरनेशनल कल्चर यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली के कुलपति एवं प्रसिद्ध कानूनविद् डॉ. एच.सी. गणेशिया ने की।
अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से आयोजित इस समारोह में राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों की 85 विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत, वैश्विक शांति एवं विश्व बंधुत्व की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
रमेश वशिष्ठ को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर उनके शुभचिंतकों, परिचितों एवं परिवारजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह का आयोजन जयपुर में हाथरौई किला स्थित संगम टावर के पास रोटरी भवन सभागार में किया गया।