जयपुर। दीपावली के अवसर पर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं झोटवाड़ा विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जयपुर के ऐतिहासिक जौहरी बाजार पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से मिट्टी के दीपक खरीदे और व्यापारियों एवं कारीगरों से आत्मीय संवाद कर स्थानीय बाजारों को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने हवामहल स्थित ऐतिहासिक जौहरी बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मी-नारायण जी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने बाजारों की रौनक, पारंपरिक हस्तशिल्प और कारीगरों की मेहनत को भारतीय संस्कृति एवं स्वदेशी अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण पहचान बताया।

इस अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 'वोकल फॉर लोकल' के माध्यम से देशवासियों को स्थानीय उत्पादों, स्वदेशी उद्यमों और अपने कारीगरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया है। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कारीगरों के हुनर, परिश्रम और आजीविका को सम्मान देने का माध्यम भी है। प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-सी खरीदारी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान कर सकती है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि इस दीपावली स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करें तथा अपने क्षेत्र के कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजारों के मजबूत होने से राजस्थान की अर्थव्यवस्था भी अधिक सशक्त होगी। स्थानीय उत्पादों को अपनाने, स्वदेशी उद्यमों को बढ़ावा देने और जनभागीदारी से विकसित राजस्थान के संकल्प को गति मिलेगी।

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक स्थानीय उत्पादों को अपनाने और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएगा। जौहरी बाजार में स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी के माध्यम से उन्होंने स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

Tags: