राजस्थान में पुलिस-जन भागीदारी को नई धार, 13 अगस्त को सीएम करेंगे CLG सदस्यों से संवाद
राजस्थान में सीएलजी व्यवस्था को मजबूत करने की पहल के तहत 13 अगस्त को बिड़ला ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नव-नियुक्त सदस्यों से संवाद करेंगे और पुलिस मुख्यालय ओरिएंटेशन देगा।
तस्वीर में महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा जयपुर में एक बैठक के दौरान लैपटॉप के सामने बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
जयपुर, 12 अगस्त। राजस्थान में कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द्र और पुलिस-जन सहभागिता को मजबूत करने के लिए राजस्थान पुलिस ने कम्युनिटी लायजन ग्रुप (सीएलजी) को अधिक प्रभावी बनाने की पहल शुरू की है। इसी क्रम में राज्य के नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों के लिए ओरिएंटेशन एवं राज्यस्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार गुरुवार 13 अगस्त को शाम 5 बजे जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा प्रदेशभर से नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी सीएलजी सदस्यों को उनके अधिकार, कर्तव्यों, सामाजिक दायित्वों और राज्य सरकार की अपेक्षाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में जयपुर संभाग क्षेत्र के सभी पुलिस थानों के नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है और उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य के शेष क्षेत्रों के नव-नियुक्त सीएलजी सदस्य अपने-अपने उपखण्ड अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
डीजीपी के निर्देशों के तहत 11 एवं 12 अगस्त को सभी थाना क्षेत्रों में सीएलजी सदस्यों के साथ बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। बैठकों के प्रथम चरण में नव-नियुक्त सदस्यों के लिए ओरिएंटेशन सत्र रखा गया है। इसमें उन्हें सीएलजी की भूमिका, अधिकार, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है।
इन बैठकों में कम्युनिटी पुलिसिंग में पूर्व सीएलजी सदस्यों के योगदान और सफल अनुभवों को भी साझा किया जा रहा है, ताकि नव-नियुक्त सदस्य पुलिस और समाज के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभा सकें। दूसरे चरण में नव-नियुक्त एवं पूर्व से नामित सभी सीएलजी सदस्यों के साथ कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द्र और स्थानीय स्तर पर पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने के विषयों पर चर्चा की जा रही है।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग एवं जन अभियोग श्री एस सेंगाथिर को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी सहायता के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात आयुक्तालय जयपुर श्री प्रदीप मोहन शर्मा, उप महानिरीक्षक पुलिस, अपराध शाखा श्रीमती राशि डोगरा डूडी, पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सुश्री वंदिता राणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कम्यूनिटी पुलिसिंग श्रीमती सुनीता मीना को लगाया गया है।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। जयपुर रेंज के सभी नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों की बिड़ला ऑडिटोरियम में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम स्थल पर मंच संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी महानिरीक्षक पुलिस, जयपुर रेंज को दी गई है।
कार्यक्रम स्थल की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा ऑडिटोरियम में अधिकारियों एवं सीएलजी सदस्यों के बैठने की व्यवस्था पुलिस आयुक्तालय जयपुर द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
राजस्थान पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सीएलजी व्यवस्था को केवल औपचारिक बैठक तक सीमित न रखकर स्थानीय स्तर पर पुलिस और आमजन के बीच संवाद, सहयोग एवं विश्वास का प्रभावी माध्यम बनाना है। नव-नियुक्त सदस्यों को उनके दायित्वों की स्पष्ट जानकारी मिलने से वे अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द्र और सामुदायिक समस्याओं के समाधान में पुलिस के साथ बेहतर समन्वय कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ होने वाला राज्यस्तरीय संवाद और पुलिस मुख्यालय का ओरिएंटेशन सीएलजी सदस्यों को उनकी नई भूमिका के लिए दिशा देगा। इसके साथ ही प्रदेशभर में पुलिस और आमजन के बीच सहभागिता को और मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।