गोगामेड़ी मेले में यात्रियों को बड़ी राहत, मेला स्पेशल ट्रेन के संचालन दिवस बढ़े
गोगामेड़ी मेले के लिए रेलवे ने मेला स्पेशल ट्रेन के संचालन दिवस बढ़ाए, साथ ही गोगामेड़ी स्टेशन पर दो ट्रेनों का अस्थाई ठहराव बदला।
गोगामेड़ी मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने हनुमानगढ़–सादुलपुर–हनुमानगढ़ मेला स्पेशल रेलसेवा के संचालन दिवसों में बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही श्रीगंगानगर–बान्द्रा टर्मिनस–श्रीगंगानगर रेलसेवा का गोगामेड़ी स्टेशन पर अस्थाई ठहराव भी किया गया है, जिसके समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04743 हनुमानगढ़–सादुलपुर मेला स्पेशल 19 अगस्त 2026 से 22 अगस्त 2026 तक 04 ट्रिप, 24 अगस्त 2026 से 27 अगस्त 2026 तक 04 ट्रिप तथा 29 अगस्त 2026 से 01 सितंबर 2026 तक 04 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन हनुमानगढ़ से 10.00 बजे रवाना होकर 13.50 बजे सादुलपुर पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04744 सादुलपुर–हनुमानगढ़ मेला स्पेशल 19 अगस्त 2026 से 22 अगस्त 2026 तक 04 ट्रिप, 24 अगस्त 2026 से 27 अगस्त 2026 तक 04 ट्रिप तथा 29 अगस्त 2026 से 01 सितंबर 2026 तक 04 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन सादुलपुर से 16.25 बजे रवाना होकर 20.50 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी।
यह रेलसेवा मार्ग में हनुमानगढ़ टाउन, टीबी, एलनाबाद, नोहर, गोगामेड़ी, तहसील भादरा व सिद्धमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस रेलसेवा में 10 साधारण श्रेणी एवं 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12 डिब्बे होंगे।
रेलवे प्रशासन ने श्रीगंगानगर–बान्द्रा टर्मिनस–श्रीगंगानगर रेलसेवा के गोगामेड़ी स्टेशन पर अस्थाई ठहराव के समय में भी आंशिक परिवर्तन किया है। गाड़ी संख्या 14701 श्रीगंगानगर–बान्द्रा टर्मिनस रेलसेवा, जो 15 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2026 तक श्रीगंगानगर से प्रस्थान करेगी, गोगामेड़ी स्टेशन पर 02.07 बजे पहुंचेगी और 02.09 बजे रवाना होगी।
वहीं गाड़ी संख्या 14702 बान्द्रा टर्मिनस–श्रीगंगानगर रेलसेवा, जो 15 अगस्त 2026 से 25 अगस्त 2026 तक बान्द्रा टर्मिनस से प्रस्थान करेगी, गोगामेड़ी स्टेशन पर 00.27 बजे पहुंचेगी और 00.29 बजे रवाना होगी।
गोगामेड़ी मेले के दौरान इन रेलसेवाओं के संचालन दिवसों में बढ़ोतरी और गोगामेड़ी स्टेशन पर अस्थाई ठहराव से मेले के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को निर्धारित अवधि में रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।