राजस्थान में होमस्टे पंजीकरण पूरी तरह ऑनलाइन, अब SSO पोर्टल से 7 दिन में होगा अस्थायी रजिस्ट्रेशन

राजस्थान में होमस्टे पंजीकरण और नवीनीकरण अब पूरी तरह ऑनलाइन हो गया है। SSO पोर्टल के जरिए आवेदन कर 7 दिन में अस्थायी पंजीकरण की सुविधा मिलेगी।

Update: 2026-07-07 12:51 GMT

राजस्थान सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजस्थान होमस्टे (पेइंग गेस्ट हाउस) योजना-2026 के तहत होमस्टे के पंजीकरण और नवीनीकरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। अब राज्यभर के गृह स्वामी राजस्थान सिंगल साइन-ऑन (SSO) पोर्टल के माध्यम से होमस्टे पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इच्छुक आवेदक https://sso.rajasthan.gov.in/signin पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नई व्यवस्था लागू होने से आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी तथा आवेदकों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

पर्यटन आयुक्त श्रीमती रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि राजस्थान होमस्टे (पेइंग गेस्ट हाउस) योजना-2026 के तहत निजी आवासों में पर्यटकों के लिए अधिकतम आठ कमरों तक पंजीकरण कराया जा सकेगा। नई व्यवस्था में होमस्टे संचालन के लिए मकान मालिक का स्वयं उसी परिसर में रहना अनिवार्य नहीं होगा। अब केयरटेकर के माध्यम से भी होमस्टे का संचालन किया जा सकेगा। इससे पहले योजना के तहत अधिकतम पांच कमरों की ही अनुमति थी और आवास मालिक का वहीं रहना अनिवार्य था।

उन्होंने बताया कि योजना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होने पर सात दिनों के भीतर अस्थायी पंजीकरण जारी किया जाएगा। ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली लागू होने से पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया तेज होगी, आवेदनों के निस्तारण में पारदर्शिता आएगी और पर्यटकों को किफायती दरों पर बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

पर्यटन आयुक्त ने कहा कि राजस्थान होमस्टे (पेइंग गेस्ट हाउस) योजना-2026 का उद्देश्य राज्य में स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा पर्यटकों को राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय जीवनशैली का वास्तविक अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि योजना का विस्तृत विवरण पर्यटन विभाग की वेबसाइट tourism.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए पर्यटन विभाग के जिला कार्यालयों में भी संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से राज्य में होमस्टे पंजीकरण प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News