ब्यावर जिला परिषद: भाजपा के टीकम सिंह चौहान उप जिला प्रमुख निर्वाचित
| कुल 27 मतों में से 15 वोट हासिल कर टीकम सिंह चौहान ने कांग्रेस की प्यारी देवी रावत को 3 मतों से हराया; जिला कलक्टर ने दिलाई पद की शपथ।
जिला कलक्टर ब्यावर कार्यालय में उप जिला प्रमुख चुनाव जीतने पर टीकम सिंह चौहान को प्रमाण पत्र सौंप रहे हैं।
ब्यावर जिला परिषद के उप जिला प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस को झटका दिया। वार्ड संख्या 19 से निर्वाचित भाजपा प्रत्याशी टीकम सिंह चौहान ने वार्ड संख्या 13 से निर्वाचित कांग्रेस प्रत्याशी प्यारी देवी रावत को 3 मतों से पराजित कर उप जिला प्रमुख का पद हासिल किया। चुनाव में चौहान को कुल 27 में से 15 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्यारी देवी रावत को 12 मत प्राप्त हुए।
गुरुवार को जोधपुर-उदयपुर लिंक रोड पर गोविन्दपुरा स्थित जिला परिषद कार्यालय में उप जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमलराम मीना ने राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक भागीरथ विश्नोई की मौजूदगी में निर्वाचित टीकम सिंह चौहान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधायक शंकर सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड़, जिला संगठन प्रभारी विमल अग्रवाल, नव निर्वाचित जिला प्रमुख सुश्री ममता गुर्जर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर चौधरी, खनन विकास व उत्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीषपाल पदावत, महासचिव चेतनप्रकाश सांखला और जिला प्रवक्ता रामस्वरूप सेवलिया भी मौजूद रहे।
चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही गत 3 नवंबर से बाड़ेबंदी में रखे गए भाजपा और कांग्रेस के सभी 27 निर्वाचित जिला परिषद सदस्य आजाद हो गए। उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के परिणाम के साथ ही जिला परिषद में इस पद के लिए चुनावी प्रक्रिया पूरी हो गई।