राजस्थान: फसल खराबे से प्रभावित किसानों के ऋण कन्वर्जन में देरी पर ज्ञापन
| सहकारी बैंक संगठनों ने 15 जिलों की 87 तहसीलों में मिशन मोड पर अल्पकालीन ऋणों को मध्यकालीन में बदलने और चार कमजोर बैंकों को नाबार्ड पुनर्वित्त दिलाने की मांग की।
खरीफ-2026 में फसल खराबे से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए अल्पकालीन फसली ऋणों को मध्यकालीन (MTC) ऋणों में परिवर्तित करने की प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर सहकारी बैंक कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ऑल राजस्थान कोआपरेटिव बैंक एम्पलाईज यूनियन एवं ऑल राजस्थान कोआपरेटिव बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से महासचिव एवं सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने 23 नवंबर, 2026 को जयपुर में सहकारिता मंत्री, शासन सचिव सहकारिता विभाग और रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, राजस्थान सरकार को ज्ञापन सौंपा। इसमें ऋण कन्वर्जन की प्रक्रिया मिशन मोड में शुरू करवाने के साथ चार कमजोर केंद्रीय सहकारी बैंकों को नाबार्ड से पुनर्वित्त उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।
आमेरा ने ज्ञापन में बताया कि दि राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लि. के 13 नवंबर, 2026 के पत्र के माध्यम से प्रदेश के 15 जिलों ब्यावर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, बालोतरा, चूरू, बीकानेर, डूंगरपुर, जैसलमेर, जोधपुर, जालोर, फलोदी, नागौर, पाली, राजसमन्द और सिरोही की कुल 87 तहसीलों में अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों में वितरित अल्पकालीन फसली ऋणों को मध्यकालीन ऋणों में परिवर्तित करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद 23 नवंबर तक धरातल पर यह प्रक्रिया अपेक्षित गति से शुरू नहीं हो पाई है।
उन्होंने चिंता जताई कि किसान कर्ज के बोझ, वसूली के दबाव और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। समय पर ऋण कन्वर्जन नहीं होने की स्थिति में किसानों के डिफाल्टर होने, समितियों और बैंकों का एनपीए बढ़ने तथा सहकारी साख आंदोलन को अपूरणीय क्षति पहुंचने की आशंका है।
ज्ञापन में सरकार और सहकारी विभाग से मांग की गई है कि समिति स्तर पर आवेदन प्राप्त करने, प्रस्ताव तैयार करने, साख सीमा स्वीकृत करने और अपेक्स बैंक को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शुरू कराई जाए। ऋण कन्वर्जन के लिए निर्धारित 16 नवंबर, 2026 की समय सीमा निकल चुकी है। ऐसे में संगठन ने नई समयबद्ध तिथि घोषित करने की मांग की है।
आमेरा ने प्रभावित 15 जिलों के जिला प्रभारी अधिकारियों, अतिरिक्त रजिस्ट्रार और उप रजिस्ट्रार को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने, समितिवार लक्ष्य निर्धारित करने तथा देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश जारी करने की मांग भी की है। इसके अलावा प्रत्येक प्रभावित केंद्रीय सहकारी बैंक (सीसीबी) में एमटीसी कन्वर्जन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और उनका नाम व मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की बात कही गई है, ताकि संबंधित अधिकारी समितियों को फॉर्म तथा Annexure-II, III और IV भरने में सहायता कर सकें।
संगठन ने सभी प्रभावित जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के प्रबंध निदेशकों को वित्तीय व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की है। इसके तहत 15 प्रतिशत स्वयं का अंशदान, 15 प्रतिशत अपेक्स बैंक और 60 प्रतिशत नाबार्ड पुनर्वित्त की व्यवस्था की जानी है। साथ ही फसल खराबे के प्रतिशत के आधार पर ऋण कन्वर्जन की देय तिथियां निर्धारित करने की मांग की गई है। 33 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक फसल खराबे की स्थिति में देय तिथियां 31.03.2027, 31.03.2028 और 31.03.2029 तथा 50 प्रतिशत से अधिक खराबे की स्थिति में 31.03.2028, 31.03.2029 और 31.03.2030 निर्धारित करने की बात कही गई है। बीमा क्लेम की राशि का समायोजन Net of Insurance Claims के आधार पर करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
आमेरा ने विशेष रूप से पाली, जैसलमेर, डूंगरपुर और नागौर के चार कमजोर केंद्रीय सहकारी बैंकों को नाबार्ड से पुनर्वित्त उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि जिन बैंकों का सीआरएआर 9 प्रतिशत से कम है, उन्हें पुनर्वित्त के लिए अपात्र माना गया है। संगठन ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि इन्हीं जिलों के किसान फसल खराबे से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यदि इन बैंकों को पुनर्वित्त नहीं मिला तो संबंधित जिलों के किसान ऋण कन्वर्जन की सुविधा से वंचित रह जाएंगे।
संगठन ने राज्य सरकार, रजिस्ट्रार और अपेक्स बैंक से नाबार्ड को विशेष अनुरोध और सिफारिश भेजकर इन चारों बैंकों के लिए भी पुनर्वित्त उपलब्ध कराने की मांग की है। आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार की गारंटी अथवा विशेष पैकेज का प्रस्ताव नाबार्ड को भेजने का सुझाव भी दिया गया है। आमेरा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी किसान को बैंक की कमजोर सीआरएआर की सजा नहीं मिलनी चाहिए।
सहकारी बैंक कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने सरकार से ऋण कन्वर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने और चारों कमजोर केंद्रीय सहकारी बैंकों को पुनर्वित्त दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन पर सूरज भान सिंह आमेरा, महासचिव एवं सहकार नेता की ओर से यह मांग उठाई गई है। उनका संपर्क नंबर 96107 80609 है।