ब्यावर में गुरु नानक देव का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को, गुरुद्वारे में होंगे कई धार्मिक आयोजन
| ब्यावर में गुरु नानक देव महाराज का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को मनाया जाएगा। गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब, निशान साहिब की नई पोशाक, गुरु ग्रंथ साहिब का दीवान, अटूट लंगर, संध्या फेरी और कवि दरबार सहित कई आयोजन होंगे।
ब्यावर। सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव महाराज का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को श्री गुरुनानक सत्संग सभा के तत्वावधान में धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारे में दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रकाशोत्सव को लेकर गुरुद्वारे में विशेष सजावट की गई है।
कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार सुबह गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब के शुभारंभ के साथ हुई। मंगलवार को निशान साहिब को नई पोशाक चढ़ाई जाएगी तथा गुरु ग्रंथ साहिब का दीवान सजाया जाएगा। दोपहर एक बजे से श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था रहेगी।
इसी क्रम में शाम 6 बजे सतगुरु कॉलोनी से संध्या फेरी निकाली जाएगी। रात साढ़े 8 बजे कवि दरबार का आयोजन होगा। इस दौरान अमृतसर के सरदार गुरसेवक सिंह साध संगत को शबद कीर्तन से निहाल करेंगे। प्रकाशोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में धार्मिक परंपराओं के अनुसार गुरु नानक देव महाराज का प्रकाश पर्व मनाया जाएगा।