राजस्थान के सहकारी बैंकों में होगा डिजिटल बदलाव, इंटरनेट और व्हाट्सएप बैंकिंग का होगा विस्तार
| राजस्थान के सहकारी बैंकों में इंटरनेट, मोबाइल, व्हाट्सएप और डोरस्टेप बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार होगा। डॉ. समित शर्मा ने तकनीकी उन्नयन के लिए एडवाइजरी ग्रुप गठित करने का निर्णय लिया है, जो नई डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की कार्ययोजना तैयार करेगा।
जयपुर स्थित शीर्ष सहकारी बैंक में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा (मध्य) को पौधा भेंट कर स्वागत करते अधिकारी।
जयपुर, 16 नवंबर 2026। राजस्थान के सहकारी बैंकों में अब बैंकिंग सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, व्हाट्सएप बैंकिंग और डोरस्टेप बैंकिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि किसानों, ग्रामीणों और अन्य खाताधारकों को घर बैठे बैंकिंग सेवाएं मिल सकें।
सहकारी बैंकों के आधुनिकीकरण और तकनीकी उन्नयन को लेकर सोमवार को शीर्ष सहकारी बैंक में शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डॉ. समित शर्मा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इसमें नाबार्ड के प्रतिनिधियों, सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, शीर्ष सहकारी बैंक एवं केन्द्रीय सहकारी बैंकों के प्रबंध निदेशकों और विभिन्न आईटी सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में डॉ. समित शर्मा ने कहा कि वर्तमान बैंकिंग व्यवस्था में सहकारी बैंकों को भी राष्ट्रीयकृत एवं वाणिज्यिक बैंकों की तर्ज पर आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से सुसज्जित करना जरूरी है। उन्होंने इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, व्हाट्सएप बैंकिंग, डोरस्टेप बैंकिंग सहित विभिन्न आधुनिक ई-चैनल सेवाओं का विस्तार करने पर जोर दिया। इसका उद्देश्य ग्राहकों को घर बैठे बेहतर और सुगम बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
डॉ. शर्मा ने शीर्ष सहकारी बैंक, केन्द्रीय सहकारी बैंकों और ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही बैंकिंग सेवाओं की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने इनके तकनीकी उन्नयन, आधुनिकीकरण और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को समय की मांग के अनुरूप विकसित कर किसानों एवं आमजन को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में बैंकिंग डेटा की सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दे के रूप में उठाया गया। राजफेड के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ स्वामी ने कहा कि बैंकिंग प्रणाली में ग्राहकों की वित्तीय और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए बैंकिंग व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के साथ साइबर सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी सुरक्षित करना होगा, ताकि डेटा के दुरुपयोग और साइबर जोखिमों की आशंका को रोका जा सके।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक श्री आर.एस. चुंडावत ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के आधुनिकीकरण से किसानों को घर बैठे बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी। डिजिटल बैंकिंग के माध्यम से किसान अपने खातों में जमा राशि और लेन-देन की जानकारी तत्काल प्राप्त कर सकेंगे। इससे बैंकिंग कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और वित्तीय अनियमितताओं तथा गबन जैसी घटनाओं की संभावनाएं कम करने में मदद मिलेगी।
बैठक में सहकार सारथी, रील, बीएसएनएल सहित विभिन्न आईटी एवं बैंकिंग सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सहकारी बैंकों में डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और तकनीकी उन्नयन को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया। कंपनियों ने सहकारी बैंकिंग व्यवस्था की मौजूदा जरूरतों के अनुरूप तकनीकी समाधानों और आईटी रोडमैप की जानकारी साझा की।
सहकारी बैंकों के तकनीकी उन्नयन और आधुनिकीकरण की दिशा में डॉ. समित शर्मा ने एक एडवाइजरी ग्रुप गठित करने का निर्णय लिया। यह समूह राज्य के सहकारी बैंकों की वर्तमान तकनीकी आवश्यकताओं का आकलन करेगा। साथ ही बैंकिंग सेवाओं के आधुनिकीकरण, नई डिजिटल सुविधाओं के विकास तथा इंटरनेट एवं मोबाइल बैंकिंग सहित विभिन्न ई-चैनल सेवाओं के विस्तार के लिए विस्तृत और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर राज्य सरकार को प्रस्तुत करेगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि सहकारी बैंकों को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने के लिए सुनियोजित तरीके से काम करना आवश्यक है, ताकि प्रदेश के किसानों, ग्रामीणों और अन्य खाताधारकों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं मिल सकें। इस पहल के माध्यम से राजस्थान की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और सहकारी बैंकों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित संस्थाओं के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।