तस्वीर में जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को गुलाबी नगरी के 299वें स्थापना दिवस समारोह का निमंत्रण पत्र सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।

जयपुर। गुलाबी नगरी के 299वें स्थापना दिवस पर नगर निगम जयपुर की ओर से 17 एवं 18 नवम्बर को दो दिवसीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, कवि सम्मेलन, शहनाई वादन और दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और साहित्यिक पहचान को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। समारोह में देशभर के ख्यातनाम कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जबकि शहर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी विशेष आयोजन होंगे।

स्थापना दिवस समारोह के निमंत्रण के लिए सोमवार को महापौर सुनील कोठारी ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र सौंपा। इस अवसर पर पूर्व महापौर पंकज जोषी, पार्षद प्रतिभा शर्मा, विमल अग्रवाल, शैलेंन्द्र भार्गव और सुभाष सिघी भी मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ मंगलवार, 17 नवम्बर को सुबह 9 बजे मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेश निमंत्रण अर्पित करने के साथ होगा। इसके बाद शाम 5 बजे बिरला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के प्रसिद्ध कवि और कवयित्रियां अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।

कवि सम्मेलन में वीर रस के सुप्रसिद्ध कवि हरिओम पंवार (मेरठ), हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी (मुंबई), दिनेश रघुवंशी (फरीदाबाद), सुरेश अलबेला (कोटा), प्रियंशु गजेंद्र (बाराबंकी), राव अजातशत्रु (उदयपुर) और कवयित्री दीपिका माही (चित्तौड़गढ़) शामिल होंगे। कार्यक्रम का संयोजन जयपुर के एकेश पार्थ करेंगे। हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस की प्रस्तुतियों से सजी यह काव्य संध्या स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

इसी दिन नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर शहनाई वादन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें मोती डूंगरी गणेश मंदिर, न्यू गेट रामलीला मैदान, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, जोरावर सिंह गेट, गंगापोल गेट, सूरजपोल गेट, चांदपोल गेट और घाटगेट शामिल हैं।

बुधवार, 18 नवम्बर को स्थापना दिवस के दूसरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों और दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम होंगे। सुबह 9:30 बजे से 10 बजे तक गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से 11 बजे तक गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजन का कार्यक्रम रखा गया है।

समारोह का समापन शाम 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के साथ होगा। इस आयोजन में दीपों की रोशनी से गुलाबी नगरी स्थापना दिवस का उत्सव मनाएगी।

नगर निगम महापौर सुनील कोठारी ने समस्त जयपुरवासियों से इन आयोजनों में सपरिवार शामिल होने की अपील की है, ताकि जयपुर का 299वां स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया जा सके। दो दिनों तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में धार्मिक आस्था, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं के जरिए शहर की ऐतिहासिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी।

Tags: