जयपुर। प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 को लेकर दुनियाभर में बसे राजस्थानियों का उत्साह सामने आने लगा है। आयोजन के लिए पंजीकरण शुरू होने के महज तीन सप्ताह में 4,000 से अधिक प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई है। भारत सहित 32 देशों से मिले इस प्रतिसाद ने राजस्थान से जुड़े प्रवासी समुदाय की अपने गृह प्रदेश के विकास में योगदान देने की इच्छा को रेखांकित किया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से सबसे अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इसके बाद सिंगापुर, मॉरीशस, संयुक्त राज्य अमेरिका (US) और यूनाइटेड किंगडम (UK) का स्थान है। अल्बानिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, बहरीन, बेल्जियम और कनाडा सहित कई अन्य देशों में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों ने भी आयोजन में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है। देश के भीतर बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक पंजीकरण मिले हैं।

गौरतलब है कि पंजीकरण प्रक्रिया गत 11 अक्टूबर से शुरू की गई थी। इसके बाद लगभग तीन सप्ताह में भारत सहित 32 देशों से 4,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। तीन दिवसीय प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन 8 से 10 दिसंबर तक होगा। इसका मुख्य कार्यक्रम 10 दिसंबर को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में आयोजित किया जाएगा।

राजस्थान सरकार के निवेश संवर्धन ब्यूरो के आयुक्त नीलाभ सक्सैना ने कहा, "प्रवासी राजस्थानी दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि दुनिया भर में बसे राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़ने और प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रवासी राजस्थानियों की विशेषज्ञता, उद्यमशीलता, निवेश और वैश्विक अनुभव को राजस्थान के विकास से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कुछ ही दिनों में 4,000 से अधिक पंजीकरण, इस बात का प्रमाण हैं कि प्रवासी समुदाय अपने गृह प्रदेश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए उत्साहित है।"

इस आयोजन का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, विशेषज्ञता, संसाधनों और वैश्विक नेटवर्क का उपयोग कर प्रदेश में निवेश, व्यावसायिक साझेदारी, ज्ञान के आदान-प्रदान और सामाजिक विकास के अवसरों को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से 'विकसित राजस्थान' के विजन को साकार करने में प्रवासी समुदाय की भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (DoRA), राजस्थान फाउंडेशन, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (BIP) तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें प्रवासी राजस्थानियों के साथ उद्योगपति, निवेशक, उद्यमी, पेशेवर, नीति-निर्माता और सरकारी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

मुख्य आयोजन के दौरान छह सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें पर्यटन, अर्बन डेवलपमेंट, उद्योग, एनर्जी और माइंस सहित प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में उभरते अवसरों, निवेश की संभावनाओं और सहयोग के विभिन्न अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 'प्रवासी राजस्थानी' सत्र में प्रदेश के विकास में प्रवासी समुदाय की भूमिका और उसकी भागीदारी को लेकर चर्चा होगी।

तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 8 दिसंबर को 'शेखावाटी हेरिटेज मीट' के साथ होगी। 9 दिसंबर को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, 10 दिसंबर को मुख्य प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन होगा।

कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक प्रतिनिधियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। इच्छुक प्रतिभागी राजस्थान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://rising.rajasthan.gov.in/pravasi-divas/registration पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। तीन सप्ताह में 4,000 से अधिक पंजीकरण के साथ यह आयोजन दुनिया भर में बसे राजस्थानियों को अपने गृह प्रदेश से जोड़ने और राजस्थान की विकास यात्रा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।

Tags: