प्रतापगढ़ जिला कारागृह में पुलिस की आकस्मिक तलाशी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री मिलने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस टीम ने जेल की अलग-अलग बैरकों की तलाशी लेकर जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाए गए 6 मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद की। बाथरूम की छत और कचरे के डिब्बे में भी सामग्री छिपाकर रखी गई थी। वहीं, जेल की दीवार के पीछे से पार्सल फेंककर प्रतिबंधित सामग्री मंगवाने के मामले में निरुद्ध बंदी समीर खान को गिरफ्तार किया गया है।

प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त प्रतापगढ़ बाबूलाल मुरारिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। डीएसटी से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार 29 अक्टूबर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़, एसडीएम प्रतापगढ़ श्रवण सिंह और थाना प्रतापगढ़ के थानाधिकारी शंभुसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला कारागृह में अचानक तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने बंदियों की बैरकों की गहन जांच की। इस दौरान जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाए गए मोबाइल फोन बरामद हुए। बैरक के भीतर और पीछे बने बाथरूम की छत के ऊपर से ईयरबड्स तथा चार्जर एडप्टर मिले। इसके अलावा डस्टबिन में छिपाकर रखी गई तंबाकू और बीड़ी भी बरामद की गई।

पुलिस ने तलाशी में कुल 6 मोबाइल फोन, एक ईयरबड, एक आईफोन ईयरफोन, टोपो कंपनी का एक ईयरबड, तीन चार्जर एडप्टर, 13 चार्जिंग केबल, तंबाकू की 7 पुड़िया, एक बीड़ी और तंबाकू में मिलाने वाले चूने की 4 ट्यूब जब्त कीं। बरामद प्रतिबंधित सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाना प्रतापगढ़ में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है।

इसी मामले से जुड़ी एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने जिला कारागृह प्रतापगढ़ में प्रतिबंधित सामग्री के पार्सल मंगवाने के आरोप में निरुद्ध बंदी समीर को गिरफ्तार किया है। उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को जेल प्रहरी ऋषभ जोशी ने थाना प्रतापगढ़ में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि शाम करीब 4:40 बजे गश्त के दौरान कारागृह में बैरक नंबर 6 और लंगर के पीछे की तरफ कुछ पार्सल गिरे हुए दिखाई दिए। इस दौरान बंदी समीर उन पार्सलों को उठाता नजर आया। ड्यूटी स्टाफ को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर समीर की जेब से दो पार्सल और हाथ में रखा एक अन्य पार्सल बरामद हुआ। पार्सलों को खोलकर जांच की गई तो उनमें 20 नग शंकर छाप तंबाकू, चूने की एक ट्यूब, एक मोबाइल फोन, एक चार्जर और एक डाटा केबल मिली। पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर थाना प्रतापगढ़ में मामला दर्ज किया था।

गिरफ्तार बंदी की पहचान समीर पुत्र सलीम खान पठान, उम्र 21 वर्ष, निवासी साकरिया, थाना रठांजना, हाल वाटर वर्क्स रोड, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए प्राप्त कर जेल में प्रतिबंधित सामग्री के पार्सल मंगवाने के संबंध में पूछताछ की है। जिला कारागृह में मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामग्री मिलने के दोनों मामलों में पुलिस का अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Tags: