पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, राजस्थान के 66.59 लाख किसानों को मिले 1,335 करोड़
गुजरात के बनासकांठा से पीएम मोदी ने 9.34 करोड़ किसानों के खातों में राशि भेजी, राजस्थान के 66.59 लाख किसान परिवारों को भी मिला फायदा।
जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर सीएम भजनलाल शर्मा अधिकारियों के साथ पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम से जुड़े हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 24वीं किस्त जारी की। इस दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। इस किस्त से राजस्थान के 66 लाख 59 हजार से अधिक किसान परिवारों को भी लाभ मिला है। राज्य के किसानों के खातों में 1 हजार 335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई।
प्रधानमंत्री ने बनासकांठा में विभिन्न लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ कार्यों को राष्ट्र को समर्पित करते हुए यह किस्त जारी की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के कल्याण और उनके सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2013-14 की तुलना में कृषि बजट पांच गुना से अधिक बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियों के माध्यम से किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये मिले हैं या उनकी बचत हुई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अब तक साढ़े 4 लाख करोड़ रुपये छोटे किसानों के खातों में पहुंच चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के कारण खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, लेकिन इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया गया। खाद्य पदार्थों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का वादा पूरा करते हुए गेहूं और धान के किसानों के खातों में 24 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल मुआवजे के रूप में 2 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं।
किसानों की सिंचाई लागत कम करने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत किसानों को 12 लाख सोलर पंप दिए गए हैं। इससे किसानों को 80 करोड़ लीटर से अधिक डीजल की बचत हुई है और बिजली का उत्पादन भी हुआ है।
प्रधानमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने और खेती की क्षमता मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि खेती में तकनीक का समावेश करने के उद्देश्य से देशभर में 26 करोड़ से अधिक सॉयल हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं। बदलते मौसम के अनुरूप किसानों को 3 हजार नई किस्मों के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में विज्ञान एवं तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 150 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में दूध उत्पादन में तेजी से वृद्धि हुई है। वर्ष 2013-14 में एक गाय या भैंस से प्रतिदिन औसतन 5 लीटर से कम दूध प्राप्त होता था, जो अब बढ़कर लगभग 8 लीटर हो गया है। भारत आज दुनिया में दुग्ध उत्पादन के मामले में पहले स्थान पर है।
प्रधानमंत्री ने मछली पालन क्षेत्र में सहकारिता को दिए जा रहे प्रोत्साहन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में मधु क्रांति की शुरुआत हो चुकी है और भारत प्राकृतिक शहद का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक बन गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अनिश्चितता के मौजूदा दौर में भारत का विकास दुनिया के लिए नई उम्मीद है। केंद्र सरकार के विकास से जुड़े सभी प्रयास भारत को विकसित बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर के अवसर पर देशवासियों से रन फॉर यूनिटी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प लेने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर को सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जनसेवा से राष्ट्रसेवा और गुजरात के विकास से देश का विकास करना सीखा है। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम क्षण तक देशवासियों की सेवा में जुटे रहेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि अन्नदाताओं की खुशहाली से ही देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। इसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी कर देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की है। इसका लाभ राजस्थान के 66 लाख 59 हजार से अधिक किसान परिवारों को मिला है और उनके खातों में 1,335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2019 में शुरू हुई पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत राजस्थान के किसानों को अब तक 23 किस्तों में 29 हजार 99 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। वहीं, देशभर के किसानों को इस योजना के अंतर्गत अब तक 4 लाख 47 हजार करोड़ रुपये की सम्मान निधि हस्तांतरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों और परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। इस अवसर पर अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस सहित दो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल, विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। वहीं, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।