नीमराणा में आयोजित 'राइजिंग नीमराणा' कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक विकास और निवेश संवर्धन पर संबोधित करते राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे।   

जयपुर/कोटपूतली-बहरोड़, 27 अक्टूबर। राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने औद्योगिक विकास को गति देने के लिए आधुनिक विनिर्माण तकनीक, निवेश संवर्धन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को आवश्यक बताते हुए नीमराणा को वैश्विक औद्योगिक पहचान की ओर अग्रसर क्षेत्र बताया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों, भारत-जापान आर्थिक संबंधों तथा औद्योगिक साझेदारी के विस्तार पर जोर दिया।

राज्यपाल श्री बागडे मंगलवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा स्थित एनआईआईटी यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘राइजिंग नीमराणा’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। नीमराणा इंडस्ट्री एसोसिएशन एवं रेज एक्सपर्ट के संयुक्त तत्वावधान में द टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा औद्योगिक विकास एवं निवेश संवर्धन की परिकल्पना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार, भारत-जापान सहयोग और देश की आर्थिक प्रगति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

राज्यपाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार औद्योगिक विकास और निवेश संवर्धन को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक विनिर्माण तकनीकों को प्रोत्साहित करने और निवेश संबंधी योजनाओं को धरातल पर लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रहा है और वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण स्थान की ओर बढ़ रहा है।

भारत-जापान आर्थिक संबंधों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल श्री बागडे ने जापानी उद्योगों एवं निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक साझेदारी का विस्तार करने तथा उत्पादों के आयात-निर्यात को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, निवेश और पारस्परिक सहयोग के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने भारत में बुलेट ट्रेन सहित विभिन्न क्षेत्रों में जापान द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

राज्यपाल ने भारत और जापान के ऐतिहासिक संबंधों के साथ दोनों देशों की संघर्ष और विकास यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने आर्थिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और औद्योगिक विस्तार के लिए आपसी सहयोग के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही भारतीय इतिहास, संस्कृति, नैतिक मूल्यों, समृद्ध परंपराओं और शिक्षा को देश की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया।

उन्होंने सभी से समन्वय और सहयोग के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ‘देश प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। राज्यपाल के संबोधन में औद्योगिक विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण का महत्व भी प्रमुखता से सामने आया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने नीमराणा एवं कोटपूतली-बहरोड़ जिले के औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्योगों, संस्थाओं और विशिष्ट व्यक्तित्वों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया। सम्मान समारोह में नीमराणा में स्थापित शुरुआती उद्योगों, जापानी औद्योगिक क्षेत्र के प्रारंभिक उद्योगों, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन एवं विरासत संरक्षण तथा औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उद्योगों एवं संस्थाओं को सम्मान प्रदान किए गए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘नीमराणा दर्पण’ पुस्तिका का विमोचन भी किया। ‘राइजिंग नीमराणा’ कार्यक्रम में औद्योगिक निवेश, आधुनिक तकनीक, भारत-जापान साझेदारी और स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के विकास में योगदान देने वाले उद्योगों एवं संस्थाओं को सम्मानित करने के माध्यम से नीमराणा की औद्योगिक प्रगति से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सामने रखा गया।

Tags: