जयपुर में शहरी सेवा शिविर शुरू, मौके पर जारी हुए 183 प्रमाण पत्र
जयपुर नगर निगम के आदर्श नगर जोन में शुरू हुए शिविर का सांसद मंजू शर्मा ने किया निरीक्षण, अब हवामहल आमेर जोन में मिलेगी त्वरित राहत।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किए जा रहे "शहरी सेवा शिविर-2026" के तहत बुधवार को नगर निगम जयपुर के आदर्श नगर जोन कार्यालय, सेक्टर-4 जवाहर नगर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया, जबकि गुरुवार को हवामहल आमेर जोन के हैरिटेज भवन, पुराना पुलिस मुख्यालय, बड़ी चौपड़ में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर का निरीक्षण माननीया सांसद श्रीमती मंजू शर्मा ने किया। उन्होंने आमजन से संवाद कर अधिकारियों को नागरिकों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि "शहरी सेवा शिविर-2026" का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न नागरिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनसे संबंधित लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर राहत प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा आमजन से प्राप्त विभिन्न समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविरों में नागरिकों की सुविधा के लिए बिजली, पानी, बैठने की व्यवस्था, छाया सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। साथ ही आमजन की सहायता एवं जानकारी के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।
शिविर के दौरान चिन्हित समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों से संबंधित प्राप्त आवेदन, प्रार्थना पत्र और सुझावों का तत्परता से निस्तारण किया गया। आदर्श नगर जोन में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के कुल 183 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 183 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। इसके अतिरिक्त भूखंड उपविभाजन के 5 आवेदनों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।
शिविर में त्वरित सेवा का लाभ लेने वाले आदर्श नगर निवासी श्री रियाजुद्दीन ने भवन निर्माण स्वीकृति के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही समय बाद नगर निगम द्वारा उन्हें भवन निर्माण स्वीकृति पत्र जारी कर सौंप दिया गया। कार्य के अत्यंत कम समय में पूर्ण होने पर उन्होंने नगर निगम प्रशासन और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार आदर्श नगर के निवासी श्री हेमंत पांचीवाल ने विवाह प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के कुछ ही समय बाद नगर निगम द्वारा उन्हें विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। त्वरित कार्रवाई से प्रसन्न श्री हेमंत पांचीवाल ने नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया।
नगर निगम के अनुसार गुरुवार को हवामहल आमेर जोन के हैरिटेज भवन, पुराना पुलिस मुख्यालय, बड़ी चौपड़ में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान कर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शहरी सेवा शिविर-2026 नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में लगातार राहत प्रदान कर रहा है।